पर्थ, 01 फरवरी (CRICKETNMORE)। मध्यक्रम के धक्कड बल्लेबाज ग्लैन मैक्सवेल के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने ट्राई सीरीज में इंग्लैंड को 112 रन से हरा दिया । मुकाबले में जीत के नायक रहे ग्लैन मैक्सवेल ने बल्ले और गेंद से कॅरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया ने मैक्सवेल के 95 रन की मदद से खराब शुरूआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 278 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मेहमान टीम के समक्ष रखा। मेजबान टीम ने 60 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद मैक्सवेल ने टीम को संभाला।

मैक्सवेल ने इसके बाद गेंदबाजी में की कमाल दिखाते हुए 46 रन देकर चार विकेट चटकाए जिससे इंग्लैंड की टीम 39–1 ओवर में 166 रन पर ढेर हो गई । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगभग एक महीने बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि जोश हेजलवुड ने 13 रन देकर दो को पवेलियन की राह दिखाई । इंग्लैंड की ओर से रवि बोपारा ने 59 गेंद में सर्वाधिक 33 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मोइन अली ने 26, जो रूट ने 25 और स्टुअर्ट ब्राड ने 24 रन की पारी खेली । मेहमान टीम का कोई भी बल्लेबाज हालांकि अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाया । ऑस्ट्रेलिया की टीम अब विश्व कप में और अधिक आत्मविश्वास के साथ उतरेगी और उसे 14 फरवरी को अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड का ही सामना करना है। लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड की शुरूआत भी खराब रही। हेजलवुड ने चौथे ओवर में ही इयान बेल (08) को विकेटकीपर ब्रेड हैडिन के हाथों कैच करा दिया। जॉनसन ने इसके बाद जेम्स टेलर (04) को बैकवर्ड प्वाइंट पर मैक्सवेल के हाथों कैच कराया।बायें हाथ के तेज गेंदबाज जॉनसन ने इसके बाद अली को स्लिप में आरोन फिंच के हाथों कैच कराया जबकि अगली गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान इयान मोर्गन (00) को बोल्ड करके टीम का स्कोर 46 रन पर चार विकेट किया । बोपारा ने हालांकि जॉनसन को हैट्रिक पूरी नहीं करने दी। जेम्स फाकनर ने इसके बाद जो रूट को पगबाधा आउट करके इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया । इस तेज गेंदबाज को हालांकि सिर्फ 2.3 ओवर की गेंदबाजी के बाद चोटिल होकर वापस लौटना पड़ा । इसके बाद मैक्सवेल की फिरकी का जादू देखने को मिला। मैक्सवेल ने जोस बटलर (17) और क्रिस वोक्स (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजा।

इस कामचलाउ स्पिनर ने इसके बाद ब्रॉड और बोपारा की पारियों का भी अंत करते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। गेंदबाजी स्पैल में वापसी करने वाले हेजलवुड ने स्टीवन फिन (06) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया को पिछले 12 मैचों में 11वीं जीत दिलाई। जेम्स एंडरसन पांच रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैक्सवेल के अलावा मिशेल मार्श (60) और फाकनर (नाबाद 50) ने भी अर्धशतक जड़ते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फाकनर ने सिर्फ 24 गेंद की अपनी पारी में चार छक्के और इतने ही चौके मारे। ऑस्ट्रेलिया की टीम एक समय 60 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन मैक्सवेल और मार्श ने पांचवें विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी करके टीम को संकट से निकाला। टास हारकर बल्लेबाजी करने उतरे ऑस्ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जेम्स एंडरसन (38 रन पर दो विकेट) ने पारी के पहले और सातवें ओवर में क्रमश: आरोन फिंच (00) और डेविड वार्नर (12) को पवेलियन भेजा ।

कप्तान जॉर्ज बैली (02) भी वाका के अतिरिक्त उछाल से परेशान दिखे और स्टुअर्ट ब्राड (55 रन पर तीन विकेट) का शिकार बने। स्टीवन स्मिथ (40) कुछ देर टिके रहे लेकिन स्पिनर मोइन अली (39 रन पर एक विकेट) की गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में जोस बटलर ने उन्हें स्टंप कर दिया। मैक्सवेल ने इसके बाद मार्श के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने सतर्कता और आक्रामकता के मिश्रण के साथ बल्लेबाजी की। ब्राड ने हालांकि नौवां अर्धशतक जड़ने वाले मैक्सवेल को पहले अंतरराष्ट्रीय शतक से महरूम किया जब वह इस तेज गेंदबाज की गेंद को विकेटकीपर बटलर के हाथों में खेल गए। मैक्सवेल ने 98 गेंद की अपनी पारी में 15 चौके मारे। मार्श भी अपना चौथा एकदिवसीय अर्धशतक जड़ने के बाद रन आउट हो गए। उनकी 68 गेंद की पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। फाकनर ने इसके बाद मोर्चा संभाला और चार चौके और चार छक्के जड़े जिससे ऑस्ट्रेलिया अंतिम पांच ओवर में 54 रन जोड़ने में सफल रहा।

इससे पहले मैक्सवेल और मार्श ने 25वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया जबकि दो ओवर बाद इन दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हुई। मैक्सवेल ने 30वें ओवर में 64 गेंद में अपना नौवां अर्धशतक पूरा किया। मैक्सवेल और मार्श ने बल्लेबाजी पावर प्ले में 46 रन बटोरे और इस दौरान शतकीय साझेदारी भी पूरी की। दोनों ने 41वें ओवर में टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। मैक्सवेल हालांकि शतक से चूक गए जब वह ब्राड की गेंद को हवा में लहरा गए और बटलर ने आसान कैच लपका।दूसरी तरफ मार्श ने 64 गेंद में अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद वह दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने 10 ओवर में 89 रन लुटाए जबकि उन्हें एक भी विकट नहीं मिला।

(ऐजंसी)

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार