ICC Women's T20 World Cup 2026 Semi Final-1, AUS-W vs WI-W: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बना ली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 125 रन बनाए, लेकिन बेथ मूनी की शानदार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 13 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला मंगलवार (30 जून) को ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला गया। इस अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कप्तान हेली मैथ्यूज और कियाना जोसेफ ने पहले विकेट के लिए 49 गेंदों में 47 रन जोड़कर टीम को धीमी शुरुआत दिलाई। कियाना जोसेफ 16 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हेली मैथ्यूज ने 28 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया।
इस साझेदारी के टूटने के बाद वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। अनुभवी बल्लेबाज स्टेफनी टेलर और जहांजारा क्लैक्टेन खाता भी नहीं खोल सकीं। शेमाइन कैंपबेल ने 25 गेंदों में 22 रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाईं।
आखिरी ओवरों में डिएंड्रा डॉटिन ने 16 गेंदों में नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली, जबकि जानिलिया ग्लासगो ने 13 गेंदों में 15 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बना सकी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम और कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने 2-2 विकेट झटके। वहीं एन्नाबेल सदरलैंड को 1 सफलता मिली।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को बेथ मूनी ने शानदार शुरुआत दिलाई और अंत तक खड़े रहते हुए 36 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
बेथ मूनी को एशले गार्डनर का भी अच्छा साथ मिला। गार्डनर ने सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 35 रन की उपयोगी पारी खेली। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने महज 13 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 42 गेंद शेष रहते मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया।
वेस्टइंडीज की ओर से हेली मैथ्यूज और चिनेल हेनरी ही 1-1 विकेट लेने में सफल रहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस शानदार जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड आठवीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। अब टीम रविवार (5 जुलाई) को होने वाले फाइनल में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगी।