लीड्स, 23 अगस्त | जोश हैजलवुड (30/5) और पैट कमिंस (23/3) की घातक गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने यहां हेडिंग्ले मैदान पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में मात्र 67 रन पर ढेर कर दिया। एशेज सीरीज के इतिहास में इंग्लैंड का 1948 के बाद से अब तक का यह सबसे न्यूनतम स्कोर है। वहीं, इस मैदान पर इंग्लैंड का यह न्यूनतम स्कोर है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इंग्लैंड का यह 12वां न्यूनतम स्कोर है। 

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 179 रन बनाए थे और इस तरह उसे पहली पारी के आधार पर 112 रन की शानदार बढ़त हासिल हुई। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह अपनी दूसरी पारी में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 171 रन बना लिए हैं और उसे अब तक 283 रन की शानदार बढ़त हासिल हो चुकी है। 

Advertisement

स्टंप्स के समय मार्नस लाबुशाने 53 और जेम्स पैटिंसन 13 गेदों पर तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। चोटिल स्टीवन स्मिथ की जगह टीम में शामिल किए गए लाबुशाने का यह लगातार तीसरा अर्धशतक है। उन्होंने अब तक 139 गेंदों का सामना किया है, जिसमें पांच चौके लगाए हैं। 

उनके अलावा मार्कस हैरिस ने 19, डेविड वॉर्नर ने शून्य, उस्मान ख्वाजा ने 23, ट्रेविस हेड ने 25, मैथ्यू वेड ने 33 और कप्तान टिम पेन ने शून्य रन बनाए। 

25 वर्षीय बल्लेबाज लाबुशाने ने ख्वाजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 16, हेड के साथ चौथे विकेट के लिए 45 और वेड के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। 

इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड और बेन स्टोक्स को अब तक दो-दो जबकि क्रिस वोक्स और जैक लीच को एक-एक विकेट मिले हैं। 

Advertisement

इससे पहले, सुबह पारी की शुरूआत करने उतरी मेजबान इंग्लैंड ने लंच तक अपने छह विकेट मात्र 54 रन पर ही गंवा दिए थे। लेकिन लंच के बाद मेजबान टीम 13 रन ही और जोड़ पाई 27.5 ओवर में 67 रन पर ऑलआउट हो गई। 

इंग्लैंड की तरफ से जोए डैनली 12 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर बने। इसके अलावा बाकी नौ बल्लेबाज दोहरे अंकों में भी नहीं पहुंच पाए। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए हैजलवुड ने 12.5 ओवरों में 30 रन पर पांच विकेट, कमिंस ने नौ ओवरों में 23 रन पर तीन विकेट और पैटिंसन ने पांच ओवरों में नौ रन देकर दो विकेट चटकाए। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार