पांच बार की विश्व विजेता आस्ट्रेलिया गुरुवार को यहां एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के साथ होने वाले आईसीसी विश्व कप-2019 के दूसरे सेमीफाइनल को जीतकर आठवीं बार फाइनल में कदम रखना चाहेगी। वहीं, इंग्लैंड क्रिकेट टीम अपने घरेलू दर्शकों के सामने चौथी बार फाइनल खेलने के इरादे से मैदान में उतरेगी। 

Advertisement

आस्ट्रेलियाई टीम वर्ष 1975, 1987, 1996, 1999, 2003, 2007 और 2015 के फाइनल में पहुंच चुकी है, जिसमें से वह 1975 और 1996 में ही उपविजेता रही है। बाकी हर बार उसने खिताब पर कब्जा जमाया है।

Advertisement

दूसरी तरफ इंग्लैंड की टीम इससे पहले 1979, 1987 और 1992 में फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन तीनों बार उसे उप विजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा।

आस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी विश्व कप के इस संस्करण के ग्रुप चरण में नौ मैचों में सात जीत और दो हार के साथ 14 अंक लेकर दूसरी नंबर पर रही थी। वहीं, इंग्लैंड की टीम नौ मैचों में छह जीत और तीन हार के साथ 12 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर रही थी।

मौजूदा चैंपियन आस्ट्रेलिया सबसे पहले सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी थी जबकि इंग्लैंड ने भारत और न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया था।

आस्ट्रेलिाई टीम दक्षिण अफ्रीका के हाथों अपना अंतिम लीग मैच 10 रनों से हार गई थी, अन्यथा वह शीर्ष स्थान के साथ लीग चरण का समापन करती।

Advertisement

विश्व कप शुरू होने से पहले यह कहा जा रहा था कि मेजबान इंग्लैंड और भारत इस खिताब के दावेदार हैं, लेकिन आस्ट्रेलिया ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से अपने लिए संभावनाएं जगा दी हैं।

इंग्लैंड को लीग चरण में आस्ट्रेलिया के हाथों 64 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद आस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पीटर हैंड्सकॉम्ब को चोटिल शॉन मार्श की जगह टीम में शामिल किया गया है और वह अब इस विश्व कप में अपना पहला मैच खेल सकते हैं। 

Advertisement

वहीं, मासपेशियों में खिंचाव की शिकायत की वजह से उस्मान ख्वाजा को विश्व कप से बाहर होना पड़ा है और विकेटकीपर मैथ्यू वेड को टीम में शामिल किया गया है। 

इस विश्व कप में आस्ट्रेलिया को दोनों हार रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिली है। पहली हार उसे भारत के खिलाफ और दूसरी हार दक्षिण अफ्रीका से मिली। ऐसे में टीम चाहेगी कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करे। 

आस्ट्रेलिया को एक बार फिर अपने ओपनर डेविड वार्नर से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जो टूर्नामेंट के नौ मैचों में अब तक 638 रन बना चुके हैं। वहीं, गेंदबाजी में टीम को मिशेल स्टार्क से काफी उम्मीदें होगी, जो अब तक इस विश्व कप में 26 विकेट चटका चुके हैं। 

Advertisement

दूसरी तरफ इंग्लैंड की टीम अपने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और जॉनी बेयरस्टो से काफी उम्मीदें लगाए होगी जो अब तक क्रमश: 500 और 462 रन जड़ चुके हैं। 

गेंदबाजी में जोफरा आर्चर अब तक 17 विकेट झटक चुके हैं जबकि मार्क वुड के खाते में 16 विकेट हैं। 

टीम:

Advertisement

आस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), जेसन बेहरनडार्फ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन कल्टर नाइल, पैट कमिंस, मैथ्यू वेड, नाथन लॉयन, पीटर हैंड्सकॉम्ब, ग्लैन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वार्नर, एडम जाम्पा। 

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), जोस बटलर, टॉम कुरैन, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकट, आदिल राशिद, जोए रूट, बेन स्टोक्स, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स, मार्क वुड

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार