Bangladesh vs Australia 2nd ODI: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में गुरुवार (11 जून) को खेले गए दूसरे वनडे में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली और पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की।
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का ये दूसरा मुकाबला बारिश के कारण मैच को 42-42 ओवर का कर दिया गया था। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही।
ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ दो ओवर के भीतर मैथ्यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और मैट रेनशॉ के विकेट गंवा दिए। तीनों बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान जोश इंग्लिस ने 34 रन बनाए, जबकि एलेक्स कैरी 13 और कैमरून ग्रीन 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मुश्किल परिस्थितियों में मार्नस लाबुशेन और जेवियर बार्टलेट ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 115 गेंदों में 103 रन की अहम साझेदारी की। लाबुशेन 85 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि बार्टलेट ने 48 गेंदों में 52 रन की उपयोगी पारी खेली। उनकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया 187 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं तनवीर इस्लाम ने 2 विकेट हासिल किए।
बारिश के कारण बांग्लादेश की पारी भी प्रभावित हुई और डीएलएस नियम के तहत टीम को 41 ओवर में 192 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। बांग्लादेश को सौम्य सरकार और नजमुल हुसैन शान्तो ने दूसरे विकेट के लिए 93 गेंदों में 86 रन जोड़कर मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सौम्य ने 47 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि शान्तो ने 53 गेंदों में 41 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
इसके बाद तौहीद हृदोय ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। हृदोय 55 गेंदों में 40 रन बनाकर नाबाद रहे और बांग्लादेश ने 35 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। मेजबान टीम ने 5 विकेट से मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह जीत बांग्लादेश क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक साबित हुई। टीम ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने का कारनामा किया और घरेलू मैदान पर एक और यादगार उपलब्धि अपने नाम कर ली।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी में कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ, जेवियर बार्टलेट, रिले मेरेडिथ और एडम जाम्पा को 1-1 विकेट मिला।