Bangladesh vs New Zealand 2nd ODI: ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में सोमवार (20 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 198 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 35.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी और तंजीद हसन की शानदार पारी ने टीम के लिए यह मैच बनाया। 

Advertisement

बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। हेनरी निकोल्स 13 रन और विल यंग सिर्फ 2 रन बनाकर पावरप्ले के अंदर ही आउट हो गए।

Advertisement

इसके बाद कप्तान टॉम लैथम भी 14 रन बनाकर चलते बने, जबकि मुहम्मद अब्बास ने 19 रन का योगदान दिया। लगातार गिरते विकेटों के बीच सलामी बल्लेबाज निक केली ने एक छोर संभाले रखा और 102 गेंदों में 83 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हालांकि उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला और पूरी टीम 48.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई।

बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में नाहिद राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 32 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा शोरफुल इस्लाम ने 2 विकेट लिए, जबकि सौम्या सरकार, तस्कीन अहमद और रिशद हुसैन को 1-1 सफलता मिली।

199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई और टीम ने जल्दी ही सैफ हसन और सौम्य सरकार के विकेट गंवा दिए। दोनों ही बल्लेबाज 8-8 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि तंजीद हसन ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके साथ नजमुल हुसैन शांतो ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 71 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन की बड़ी साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। अंत में बांग्लादेश ने 35.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Advertisement

न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में जेडन लेनॉक्स ने 2 विकेट लिए, जबकि विलियम ओ’रूर्के और नाथन स्मिथ को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस जीत के साथ बांग्लादेश ने न सिर्फ शानदार वापसी की बल्कि सीरीज को 1-1 से बराबर भी कर दिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार