Bangladesh vs Australia 1st ODI: ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में मंगलवार (9 जून) को खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को डीएलएस मेथड के तहत 86 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। मोसद्देक होसैन की शानदार पारी और नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी की बदौलत मेजबान टीम ने 2005 के बाद पहली बार वनडे में ऑस्ट्रेलिया को हराया।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंगलिस ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन और नजमुल हुसैन शान्तो ने दूसरे विकेट के लिए 91 गेंदों में 96 रन की साझेदारी की। तंजीद ने 44 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली, जबकि शान्तो ने 86 गेंदों में 67 रन बनाए।
इसके बाद चार साल बाद टीम में वापसी कर रहे मोसद्देक होसैन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों में नाबाद 86 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा तौहीद हिरदॉय ने भी 51 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया। इन पारियों के चलते टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 284 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में नाथन एलिस ने 3 विकेट झटके। वहीं लियाम स्कॉट और मैट रेनशॉ को 2-2 विकेट मिले। जेवियर बार्टलेट ने भी एक सफलता हासिल की।
285 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दो ओवर के भीतर ही मैथ्यू शॉर्ट (0) और मार्नस लाबुशेन (1) के विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान जोश इंगलिस भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 19 रन बनाकर आउट हो गए।
सलामी बल्लेबाज कूपर कोनोली ने 50 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि एलेक्स कैरी ने 62 गेंदों में 47 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। एक छोर पर कैमरून ग्रीन जरूर टिके रहे और उन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला।
बांग्लादेश के गेंदबाज लगातार दबाव बनाते रहे। नाहिद राणा ने अपनी तेज गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया और 4 विकेट अपने नाम किए। मेहदी हसन मिराज और मोसद्देक होसैन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद को 1 सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 42.2 ओवर में 191 रन पर 9 विकेट था और टीम हार के कगार पर पहुंच चुकी थी। इसी दौरान बारिश ने खेल में खलल डाल दिया। लंबे इंतजार के बाद भी मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और डीएलएस मेथड के तहत बांग्लादेश को 86 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
यह जीत बांग्लादेश के लिए कई मायनों में खास रही। टीम ने 2005 के बाद पहली बार वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया को हराया, वहीं अपनी सरजमीं पर कंगारू टीम के खिलाफ पहली वनडे जीत भी दर्ज की। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली।