भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कई युवा खिलाड़ियों को उनके आईपीएल 2026 में प्रदर्शन का ईनाम भी मिला है लेकिन साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खराब प्रदर्शन करने वाले ऋषभ पंत पर गाज़ भी गिरी है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में पंत टीम इंडिया के उप-कप्तान नहीं होंगे। उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज़ केएल राहुल को यह जिम्मेदारी दी गई है। कुछ समय पहले तक पंत को टीम इंडिया के भविष्य के लीडर के तौर पर देखा जा रहा था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने कप्तानी भी की थी, लेकिन उस सीरीज़ में भारत को हार झेलनी पड़ी। इसके बाद से उनकी कप्तानी और बल्लेबाज़ी दोनों सवालों के घेरे में आ गईं। सिर्फ टेस्ट ही नहीं, पंत को वनडे टीम में भी बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से वो भारत की वनडे टीम में बैकअप विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे थे, लेकिन अब उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिला है। ईशान ने हाल के समय में शानदार प्रदर्शन किया है और उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी टीम मैनेजमेंट को काफी पसंद आ रही है। टीम इंडिया के नए कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता देना चाहते हैं जो अलग-अलग बल्लेबाज़ी क्रम में फिट बैठ सकें। इसके साथ ही शुभमन गिल टेस्ट और वनडे दोनों में टीम की कमान संभालेंगे। हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को वनडे टीम में जगह तो दी गई है लेकिन अगर वो अपनी फिटनेस साबित ना कर पाए तो इस सीरीज में उनका खेलना मुश्किल होगा। वहीं, आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल भी टेस्ट टीम में शामिल हैं और शायद उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका भी मिल सकता है। अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़।