मुंबई, 6 दिसम्बर| तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता के निधन के बाद इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पांचवें मैच के चेन्नई में आयोजन को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर जयललिता के निधन पर शोक जाहिर किया और कहा कि 16 दिसंबर से होने वाला पांचवां टेस्ट मैच चेन्नई में होगा या नहीं, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा है, "बीसीसीआई तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता के निधन पर शोक व्यक्त करती है। बीसीसीआई इस बात की जानकारी देना चाहती है कि 16 दिसंबर को इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में होने वाले पांचवें टेस्ट मैच की मेजबानी पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।"
बयान में कहा गया है, "बीसीसीआई तमिलनाडु क्रिकेट संघ और स्थानीय अधिकारियों से लगातार संपर्क में है और वह हालात पर नजर बनाए रखे है। बीसीसीआई मौके की गंभीरता को समझती है।" रणजी ट्रॉफी के नौवें दौर में ग्रुप-बी में ओडिशा और झारखंड के बीच 7 दिसंबर को डिंडिगुल में होने वाले मैच को भी रद्द कर दिया गया। इस मैच की नई तारीख और स्थान का फैसला अभी नहीं किया गया है।