SL vs IND: भारत ने मंगलवार (28 जुलाई) को श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली अगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में तीन खिलाड़ी ऐसे भी शामिल हैं, जो 2017 में श्रीलंका के दौरे पर गई भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
2017 में भारत ने श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। अब करीब 9 साल बाद ये तीन खिलाड़ी एक बार फिर उसी टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला गाले में 15 से 19 अगस्त तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो में होगा।
1. रविंद्र जडेजा
इस लिस्ट में पहला नाम स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का है। जडेजा 2017 में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दो मुकाबले खेले थे। उन्होंने चार पारियों में 13 विकेट हासिल किए थे और इस दौरान उनका औसत 28.76 का रहा था। जडेजा ने इस दौरान एक पारी में पंजा भी चटकाया था। इसके अलावा बल्ले से भी उन्होंने उपयोगी योगदान दिया था। उन्होंने दो पारियों में 85 रन बनाए थे, जिसमें नाबाद 70 रन की शानदार पारी भी शामिल थी।
2. केएल राहुल
दूसरा नाम भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान केएल राहुल का है। राहुल भी 2017 में श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने उस सीरीज में दो टेस्ट मुकाबले खेले थे और दो पारियों में 142 रन बनाए थे। इस दौरान राहुल का बल्लेबाजी औसत 71 का रहा था। उन्होंने सीरीज में दो अर्धशतक लगाए थे और उनका सबसे बड़ा स्कोर 85 रन रहा था।
3. कुलदीप यादव
इस लिस्ट में तीसरा नाम स्टार बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव का है। कुलदीप ने 2017 की सीरीज में सिर्फ तीसरे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाया था। कुलदीप ने उस मुकाबले की दोनों पारियों में कुल 5 विकेट हासिल किए थे। पहली पारी में उन्होंने 13 ओवर गेंदबाजी करते हुए 40 रन देकर 4 विकेट झटके थे। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह कुलदीप का अब तक एकमात्र मुकाबला है।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।