PAK vs WI 2nd Test: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग (Brandon King) लोअर बैक इंजरी के कारण पूरे मैच से बाहर हो गए हैं।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने पुष्टि की है कि ब्रैंडन किंग को लोअर बैक (कमर के निचले हिस्से) में मसल स्पाज्म की समस्या हुई है। एहतियात के तौर पर मेडिकल टीम ने उन्हें बाकी बचे मैच से बाहर रखने का फैसला लिया है। इसी वजह से ब्रैंडन किंग बुधवार (5 अगस्त) को वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतर सके।
यह घटना पाकिस्तान की पहली पारी के दौरान मंगलवार (4 अगस्त) को तीसरे दिन देखने को मिली थी। ब्रैंडन किंग शॉर्ट कवर पर फील्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाबर आजम ने तेज़ सिंगल लेने की कोशिश की, लेकिन किंग ने शानदार डायरेक्ट थ्रो मारकर उन्हें 88 रन पर रनआउट कर दिया।
हालांकि, रनआउट करने के तुरंत बाद किंग दर्द से मैदान पर गिर पड़े। वह उठ भी नहीं सके और मेडिकल स्टाफ को मैदान पर आना पड़ा। कुछ देर इलाज के बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। बाद में जांच में उनकी चोट की पुष्टि हुई और उन्हें आगे खेलने से रोक दिया गया।
ब्रैंडन किंग का बाहर होना वेस्टइंडीज के लिए बड़ा झटका है। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज पूरी तरह बिखर गई, जिसमें ब्रैंडन किंग अपनी बल्लेबाजी से अहम योगदान दे सकते थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
चौथे दिन वेस्टइंडीज की दूसरी पारी सिर्फ 117 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं लगा सका। केवल केवम हॉज ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। उन्होंने 71 गेंदों का सामना किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज 20 का स्कोर भी नहीं छू पाए और पूरी टीम जल्दी ऑलआउट हो गई। जिसके चलते पाकिस्तान को जीत के लिए 75 रन का लक्ष्य मिला है।