Suryakumar Yadav T20I Comeback: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने के बावजूद सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टी20 टीम से बाहर हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी और कप्तानी भी उनसे लेकर श्रेयस अय्यर को सौंप दी गई। हालांकि, अब बीसीसीआई के एक सूत्र ने उनकी वापसी को लेकर बड़ा संकेत दिया है।
भारतीय टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया में वापसी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने साफ किया है कि सूर्यकुमार यादव के लिए भारतीय टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाते हैं और शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो चयनकर्ता उन्हें फिर से टीम इंडिया में मौका देने पर विचार कर सकते हैं।
बीसीसीआई के सूत्र ने न्यूज ऐजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि सूर्यकुमार यादव अभी भारतीय टीम की मौजूदा योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनकी वापसी संभव है।
खराब फॉर्म बनी टीम से बाहर होने की वजह
सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर किए जाने के पीछे उनकी खराब फॉर्म को सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया था। सूर्यकुमार ने आईपीएल 2026 में 13 मैचों में सिर्फ 270 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 20.76 रहा।
दिलचस्प बात यह है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ही भारत ने अपने घर में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था। लेकिन बतौर बल्लेबाज वह यहां भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 9 पारियों में 30.25 की औसत से 242 रन बनाए थे।
हालांकि सूर्यकुमार के बाद भारत की नई टी20 शुरुआत भी अच्छी नहीं रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड ने भी पांच मैचों की सीरीज में भारत को 4-0 से हराकर टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का ताज छीन लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब सूर्यकुमार यादव के लिए आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 काफी अहम रहने वाली है। वह मुंबई की ओर से खेलते नजर आएंगे और इसी टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन तय कर सकता है कि वह दोबारा टीम इंडिया की नीली जर्सी पहन पाएंगे या नहीं।