लगातार तीन हार से आलोचकों के निशाने पर आई तीन बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को अपने दो अनुभवी बल्लेबाजों शेन वाटसन और फाफ डु प्लेसिस के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण में जीत के रास्ते पर वापसी कर ली है।

Advertisement

चेन्नई ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को 10 विकेट से हरा इस सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को 179 रनों का लक्ष्य दिया। चेन्नई ने वाटसन (नाबाद 83 रन, 53 गेंद 11 चौके, 3 छक्के) और डु प्लेसिसस (नाबाद 87 रन, 53 गेंद, 11 चौके, 1 छक्का) बेहतरीन साझेदारी के दम पर इस लक्ष्य को 17.4 ओवरों में बिना विकेट खोकर हासिल कर 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।

Advertisement

इस जीत में चेन्नई की डेथ बोलिंग का भी अहम योगदान रहा, जिसने एक समय 200 के पार जाती दिख रही पंजाब को 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 178 रनों पर ही सीमित कर दिया।

खराब फॉर्म से गुजर रही चेन्नई को इस मैच में जिस तरह की ओपनिंग पार्टनरशिप की जरूरत थी, वाटसन और डु प्लेसिस ने उसे वो दी। शुरुआती छह ओवरों में इन दोनों अनुभवी बल्लेबाजों ने बिना विकेट खोए 60 रन जोड़ लिए।

राहुल ने फिर इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे अपने युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को गेंद दी। बिश्नोई भी इन दोनों के आगे कुछ नहीं कर पाए। 10 ओवरों में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 101 रन हो गया।

अब ये दोनों बल्लेबाज अपने पैर जमा चुके थे और इनको आउट करना पंजाब के लिए मुश्किल साबित हुआ। इसी के साथ वाटसन और डु प्लेसिस ने आईपीएल में चेन्नई के लिए किसी भी विकेट के लिए अभी तक की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। और यह आईपीएल में रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत है। साथ ही चेन्नई इस मैदान पर इस सीजन रनों का पीछा करते हुए जीतने वाली पहली टीम भी है।

Advertisement

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब एक समय 200 के पार जाती दिख रही थी, लेकिन शार्दूल ठाकुर और ड्वेन ब्रावो ने अंत के ओवरों में उसके बल्लेबाजों को बांध कर रख दिया।

कप्तान लोकेश राहुल (63 रन, 52 गेंद, 7 चौके, 1 छक्का) भी 18वें ओवर में आउट हुए और उनसे एक गेंद पहले निकलोस पूरन पवेलियन लौटे। इन दोनों के जाने के बाद ही पंजाब की 200 पार जाने की मंशा अधूरी रह गई।

राहुल ने मयंक अग्रवाल (26) के साथ मिलकर टीम को सधी हुई शुरुआत दी। मयंक को पीयूष चावला ने आउट किया। करुण नायर की जगह इस मैच में शामिल किए गए मनदीप सिंह (27) बड़ी पारी तो नहीं खेल सके लेकिन टीम को संभालने में राहुल का अच्छा साथ दिया।

Advertisement

मनदीप को रवींद्र जडेजा ने आउट किया। उनके बाद आए निकलोस पूरन ( 33 रन, 17 गेंद, 1 चौका, 3 छक्के) और राहुल ने मध्य के ओवरों में रनरेट बढ़ा दी।

ये दोनों जिस तरह से खेल रहे थे, उसी से लग रहा था कि पंजाब 200 का स्कोर छू लेगी, लेकिन शार्दूल ने एक ही ओवर में इन दोनों को आउट कर दिया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार