डेविड वॉर्नर के 92 रनों की शानदार पारी के दम पर दिल्ली कैपटिल्स ने गुरुवार (5 मई) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 21 रनों से हरा दिया है। इसी जीत के साथ अब डीसी की टीम पांच जीत के साथ पॉइंट्स टेबल पर पांचवें पायदान पर पहुंच गई है।

Advertisement

इससे पहले, सनराइजर्स के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फैसला किया था, जिसके बाद डीसी की सलामी जोड़ी टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही और भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में मंदीप सिंह(00) को विकेटकीपर के हाथों कैच पकड़वाकर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। कैपिटल्स को दूसरा झटका पावरप्ले के दौरान ही पांचवें ओवर में लगा। मिचेल मार्श को सीन एबॉट ने 10 रनों के निजी स्कोर पर आउट किया। 

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स की टीम दो विकेट जल्दी गंवा चुकी थी, जिसके बाद कप्तान ऋषभ पंत ने वॉर्नर के साथ मिलकर 48 रनों की साझेदारी की। ऋषभ पंत फॉर्म में नज़र आ रहे थे और श्रेयस गोपाल के खिलाफ चार गेंदों पर 22 रन जड़ चुके थे, लेकिन इसके बाद गेंदबाज़ ने वापसी की और पंत(26) को बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया।

कप्तान के आउट होने के बाद रोवमैन पॉवेल मैदान पर बल्लेबाज़ी करने आए और इसके बाद सनराइजर्स का कोई भी गेंदबाज़ दिल्ली कैपिटल्स का विकेट हासिल नहीं कर सका। रोवमैन पॉवेल और डेविड वॉर्नर ने मिलकर टीम को मुश्किलों से उभारा और दोनों ने ही अर्धशतक लगाते हुए 122 रनों की साझेदारी की। 

दिल्ली कैपिटल्स के 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। सनराइजर्स ने अपने तीन विकेट सिर्फ 37 रन तक ही गंवा दिये थे। अभिषेक शर्मा(7), केन विलियमसन(4) और राहुल त्रिपाठी (22) रनों के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके थे, लेकिन इसके बाद एडेन मार्कराम और निकोलस पूरन ने टीम को संभाला और चौथे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की।

मार्कराम और निकोलस पूरन की पार्टनशीप को 13वें ओवर में खलील अहमद ने तोड़ा। खलील ने मार्कराम को कुलदीप यादव के हाथों कैच लपकवाकर 42 रनों के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद खलील ने 15वें ओवर में पावरहिटर शशांक सिंह को भी आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया।

Advertisement

इस मैच में सनराइजर्स के लिए आखिरी उम्मीद निकोलस पूरन थे जिन्हें शार्दुल ठाकुर ने 18वें ओवर में आउट करते हुए यह मैच दिल्ली कैपटिल्स के नाम पक्का कर दिया। बता दें कि निकोलस पूरन(62) ने हैदराबाद के लिए एकलौता पचासा जड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खलील अहमद सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने सनराइजर्स के तीन विकेट चटकाए। वहीं शार्दुल ठाकुर को 2 और एनरिक नार्खिया, मिचेल मार्श और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।

लेखक के बारे में

Nishant Rawat
Nishant Rawat - A cricket Analyst and Cricket fan who is covering cricket for the last 2 years. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews. One can reach him at +91 - 8826184472 Read More
ताजा क्रिकेट समाचार