The Hundred Women's 2026, SUL-W vs MO-W: द हंड्रेड विमेंस 2026 का दसवां मुकाबला मंगलवार (28 जुलाई) को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर सनराइजर्स लीड्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने एक बार फिर अपनी शानदार फील्डिंग से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने एक हाथ से बेहतरीन कैच पकड़कर पेज स्कोलफील्ड (Paige Scholfield) की पारी का अंत कर दिया।
यह शानदार कैच मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पारी की 41वीं गेंद पर देखने को मिला। स्पिनर हैना बेकर ने लेग स्टंप्स पर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर पेज स्कोलफील्ड ने इनसाइड-आउट शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और हवा में चली गई।
बैकवर्ड पॉइंट पर खड़ी दीप्ति शर्मा तुरंत अपनी बाईं ओर दौड़ीं। उन्होंने सही समय पर लो डाइव लगाई और सिर्फ बाएं हाथ की मदद से गेंद को शानदार तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। यह कैच इतना शानदार था कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। दीप्ति शर्मा के इस शानदार प्रयास के चलते पेज स्कोलफील्ड सिर्फ 5 गेंदों में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
VIDEO:
अगर मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स लीड्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 4 विकेट खोकर 142 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एन्नाबेल सदरलैंड ने 24 गेंदों में 35 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। वहीं फीबी लिचफील्ड ने भी 26 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए भारतीय स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 50 गेंदों में नाबाद 88 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस मैच जिताऊ पारी की बदौलत मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 96 गेंदों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले को अपने नाम कर लिया।