IND vs SL 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में सोमवार (24 अगस्त) को मैच के दूसरे दिन भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक पूरा किया। जुरेल ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर भारत की पारी को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।

Advertisement

जुरेल को अपने शतक तक पहुंचने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। वह 99 रन के स्कोर पर लंबे समय तक टिके रहे और उनके साथ दूसरे छोर पर मोहम्मद सिराज बल्लेबाजी कर रहे थे। 99 रन पर जुरेल रन आउट होने से भी बाल-बाल बचे, लेकिन आखिरकार उन्होंने 171 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।

शतक पूरा करने के बाद जुरेल ने बेहद खास अंदाज में इसका जश्न मनाया। उन्होंने अपनी बाइसेप्स पर बने ‘जय जवान, जय किसान’ के टैटू को दिखाया। उनका यह सेलिब्रेशन मैदान पर मौजूद फैंस को भी काफी पसंद आया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।

VIDEO:

गौरतलब है कि जुरेल का यह टैटू उनके परिवार से जुड़ा हुआ है। उनके पिता नेम चंद जुरेल भारतीय सेना में हवलदार रह चुके हैं और 1999 के कारगिल युद्ध के भी हिस्सा रहे हैं। 

जुरेल ने अपनी पारी के दौरान शानदार संयम दिखाया और नाबाद 115 रन बनाकर पारी घोषित होने तक क्रीज पर टिके रहे। उन्होंने 177 गेंदों का सामना किया, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

मैच की बात करें तो भारत ने दूसरे दिन अपनी पहली पारी 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। जुरेल के अलावा भारत की इस पारी में इससे पहले देवदत्त पडिक्कल ने भी शानदार शतक लगाया और 193 गेंदों में 117 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 89 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों में 50 रन बनाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके बाद दिन के आखिरी हिस्से में श्रीलंका की पहली पारी शुरू हुई, लेकिन मेजबान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। श्रीलंका ने सिर्फ 8 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए और भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार