दलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy 2026) के सेमीफाइनल में भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपनी गेंदबाजी से एक बार फिर पुराना जादू दिखाया। शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन दलीप ट्रॉफी 2026 के इस मुकाबले में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने सेंट्रल जोन के युवा बल्लेबाज यश राठौड़ (Yash Rathore) को पूरी तरह परेशान कर दिया।

Advertisement

शमी ने यश राठौड़ को आउट करने के लिए शुरुआत से ही एक खास प्लान बनाया। उन्होंने लगातार पांच गेंदें ऑफ स्टंप से काफी बाहर, छठे स्टंप की लाइन पर डालीं। इस दौरान राठौड़ बार-बार गेंद को छोड़ते नजर आए।

इसके बाद शमी ने अचानक अपना प्लान बदला और लगातार दो तेज बाउंसर डालकर बल्लेबाज पर दबाव बढ़ा दिया। खास बात यह रही कि ये बाउंसर शरीर की तरफ नहीं थीं, बल्कि ऑफ स्टंप के आसपास ही रखी गईं। इससे राठौड़ के लिए यह समझना मुश्किल हो गया कि अगली गेंद किस तरह आएगी।

शमी ने इसके बाद एक बार फिर अपनी लाइन में बदलाव किया और बल्लेबाज को आगे निकलकर खेलने के लिए मजबूर किया। अगली गेंद पर राठौड़ ने बल्ला लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और सीधे विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई।

यश राठौड़ 68 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शमी की इस रणनीति ने साफ दिखाया कि वह सिर्फ रफ्तार और स्विंग से ही नहीं, बल्कि बल्लेबाज के दिमाग को पढ़कर भी विकेट हासिल करने में माहिर हैं। बीसीसीआई ने इस शानदार विकेट का वीडियो  अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।

VIDEO:

इस पारी में शमी ने कुल 16 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 42 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम किए। उनके स्पेल में तीन मेडन ओवर भी शामिल रहे। 

शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में उनकी आखिरी उपस्थिति जून 2023 में रही थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि दलीप ट्रॉफी में शमी का प्रदर्शन दिखा रहा है कि उनका अनुभव और गेंदबाजी की धार अभी भी बरकरार है। रफ्तार, स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ के साथ उनका यह प्रदर्शन शायद एक बार फिर उन्हें भारतीय टीम के दरवाजे तक पहुंचा दे।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार