वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2026) में वेस्टइंडीज चैंपियंस और साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बीच मुकाबले में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो (Dwayne Bravo) ने एक बार फिर पुराने दिनों की याद दिलाते हुए अपनी फील्डिंग का जलवा दिखाया। 42 साल के ब्रावो ने ऐसा कैच लपका, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 का तीसरा मुकाबला रविवार (4 अक्टूबर) को वेस्टइंडीज चैंपियंस और साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बीच मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका चैंपियंस की ओर से रिचर्ड लेवी और फाफ डु प्लेसिस ने पारी की शुरुआत की।
चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर फाफ डु प्लेसिस ने गेंद को स्टेडियम से बाहर भेजने के इरादे से क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंदबाज रायड एमरिट ने उनकी मंशा को भांप लिया और गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर रखा। डु प्लेसिस गेंद तक पहुंचने के लिए काफी आगे आ चुके थे। उन्होंने बल्ला लगाकर गेंद को हवा में काफी ऊंचा तो उठा दिया, लेकिन शॉट में इतनी ताकत नहीं थी कि गेंद बाउंड्री के पार जा सके। गेंद सीधे कवर की दिशा में हवा में चली गई।
कवर पर खड़े ड्वेन ब्रावो ने गेंद को हवा में जाते ही भांप लिया और गेंद उनके पास तेजी से नीचे आ रही थी। ब्रावो ने आखिरी पल में हवा में कुदकर सिर्फ एक हाथ से जबरदस्त कैच पकड़ लिया। इस शानदार कैच के साथ फाफ डु प्लेसिस की पारी का अंत हो गया। वह 11 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए।
VIDEO:
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, डु प्लेसिस के आउट होने के बाद भी साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बल्लेबाजों ने रफ्तार बनाए रखी। रिचर्ड लेवी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 87 रन बनाए और शतक से सिर्फ 13 रन दूर रह गए। वहीं एबी डिविलियर्स ने भी अपना आक्रामक अंदाज दिखाया और 39 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली। इन पारियों की बदौलत साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 242 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।