न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और स्टार तेंज गेंदबाज गस एटकिंसन की गैरमौजूदगी के चलते इंग्लैंड को मजबूरी में चार बदलाव करने पड़े हैं। वहीं दो युवा खिलाड़ियों को टेस्ट डेब्यू का मौका भी मिला है।

Advertisement

न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में बुधवार (17 जून) से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने सोमवार (15 जून) को अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में 115 रन की जीत के बाद इंग्लैंड सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है, लेकिन दूसरे मुकाबले से पहले टीम को मैदान के बाहर हुई घटनाओं और चोटों के कारण कई बदलाव करने पड़े हैं।

पहले टेस्ट के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन विवादों में घिर गए थे। दोनों पर टीम कर्फ्यू तोड़ने और नाइटक्लब में हुई एक घटना में शामिल होने का आरोप लगा, जिसके बाद उन्हें ओवल टेस्ट से निलंबित कर दिया गया। ऐसे में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट एक बार फिर अंतरिम कप्तान की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

स्टोक्स और एटकिंसन की अनुपस्थिति के अलावा ओली रॉबिन्सन भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। इसी वजह से इंग्लैंड को अपनी प्लेइंग इलेवन में कुल चार बदलाव करने पड़े हैं। टीम ने युवा तेज गेंदबाज सॉनी बेकर और विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया है।

वहीं सबसे बड़ी खबर स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की टेस्ट टीम में वापसी है। पहला टेस्ट नहीं खेलने वाले आर्चर अब दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे। उनके अलावा सरे के तेज गेंदबाज मैट फिशर की भी टीम में वापसी हुई है। फिशर ने इससे पहले सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला था, जो 2022 में था।

दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड ने ओवल की पिच को देखते हुए किसी भी स्पेशलिस्ट स्पिनर को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया है और शोएब बशीर को इस मैच के लिए बाहर कर दिया गया है

Also Read: LIVE Cricket Score

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI:
एमिलियो गे, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जॉर्डन कॉक्स, जोफ्रा आर्चर, मैट फिशर, जोश टंग और सॉनी बेकर।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार