England Women vs India Women 2nd T20: ब्रिस्टल के काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में शनिवार (30 मई) को खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड महिला टीम ने भारत महिला टीम को 26 रन से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 168 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 142 रन तक ही पहुंच सकी। फ्रेया केम्प ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
इंग्लैंड महिला और भारत महिला क्रिकेट टीम के बीच जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तान चार्ली डीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सलामी बल्लेबाज सोफी डंकले सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद डैनी व्याट ने पारी को संभालने की कोशिश की और 25 गेंदों में 29 रन बनाए। वहीं एमी जोन्स ने 22 गेंदों में 28 रन का योगदान दिया। मध्य ओवरों में एलिस कैप्सी ने 25 गेंदों में 28 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद आखिरी ओवरों में फ्रेया केम्प ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में नाबाद 39 रन ठोक दिए। उनकी इस तेजतर्रार पारी की बदौलत इंग्लैंड महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 168 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से गेंदबाजी में श्री चरणी सबसे सफल रहीं और उन्होंने 3 विकेट चटकाए। वहीं श्रयंका पाटिल और नंदिनी शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। शेफाली ने 14 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। इसके बाद यास्तिका भाटिया ने एक छोर संभालते हुए 36 गेंदों में 33 रन बनाए, लेकिन वह रिटायर्ड आउट हो गईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 22 गेंदों में 28 रन बनाए, मगर वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सकीं।
भारतीय टीम को मध्य ओवरों के बाद लगातार झटके लगते रहे और निचला क्रम इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। नतीजतन भारत की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी और मुकाबला 26 रन से गंवा बैठी।
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉरेन बेल, चार्ली डीन और फ्रेया केम्प ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं सोफी एक्लेस्टोन ने 1 विकेट अपने नाम किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ इंग्लैंड महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच मंगलवार (2 जून) को होने वाला तीसरा और अंतिम मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा।