तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह (4/46) और मोहम्मद शमी (3/28) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने यहां ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को इंग्लैंड की पहली पारी 183 रनों पर समेट दी।

Advertisement

इंग्लैंड की पारी में कप्तान जोए रूट ने 108 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से सर्वाधिक 64 रन बनाए। भारत की ओर से बुमराह और शमी के अलावा शार्दुल ठाकुर को दो विकेट और मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला। इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन बुमराह ने मैच के पहली ओवर की पांचवीं गेंद पर ही रोरी बर्न्‍स (0) को पगबाधा आउट कर मेजबान टीम को पहला झटका दिया।

Advertisement

इसके बाद डॉमिनिक सिब्ले और जैक क्राव्ली के बीच दूसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी हुई लेकिन सिराज ने क्राव्ली को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। क्राव्ली ने 68 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए।

लंच ब्रेक के बाद सिब्ले 70 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए। फिर रूट ने जॉनी बेयरस्टो के साथ पारी आगे बढ़ाई और दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। हालांकि, शमी ने बेयरस्टो को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। बेयरस्टो ने 71 गेंदों पर चार चौकों के सहारे 29 रन बनाए।

टी ब्रेक के बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपना कहर बरपाया और शमी ने डेनियल लॉरेंस (0) को आउट किया। फिर बुमराह ने जोस बटलर (0) को पवेलियन भेजा। इंग्लैंड की टीम जब तक इन झटकों से उबरती उससे पहले ही शार्दुल ने रूट को आउट कर मेजबान टीम को सातवां झटका दिया।

रूट के आउट होने के महज तीन गेंद बाद ही शार्दुल ने ओली रॉबिंसन (0) को आउट किया। फिर बुमराह ने स्टुअर्ट ब्रॉड को पगबाधा आउट किया जिन्होंने तीन गेंदों पर एक चौके की मदद से चार रन बनाए। बुमराह ने इसके बाद जेम्स एंडसरन (1) को आउट कर इंग्लिश टीम की पहली पारी ढेर कर दी। इंग्लैंड की पारी में सैम करेन 37 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद रहे।

Advertisement

 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार