T20 World Cup 2026, Pakistan vs USA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएसए के सामने 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। साहिबजादा फरहान ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और बाबर आज़म के साथ अहम साझेदारी निभाई। अंत के ओवरों में शादाब खान ने आक्रामक बल्लेबाजी कर रन गति को तेज किया।
मंगलवार, 10 फरवरी को सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो में खेले जा रहे मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। पाकिस्तान की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और पावरप्ले के अंदर ही सैम अयूब 19 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान सलमान अली आगा भी सिर्फ 1 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद साहिबजादा फरहान ने पारी संभाली और बाबर आज़म के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 81 रन की अहम साझेदारी की। फरहान ने बेहतरीन लय में बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 73 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर बाबर आज़म ने संयम दिखाते हुए 32 गेंदों में 46 रन बनाए।
अंत के ओवरों में शादाब खान ने तेजी से रन बटोरते हुए 12 गेंदों में 30 रन जोड़ दिए, जिससे पाकिस्तान का स्कोर 190 रन तक पहुंच गया।
यूएसए की ओर से शैडली वैन शल्कविक सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके। हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रावलकर और मोहम्मद मोहसिन को भी 1-1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आज़म, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।
Also Read: LIVE Cricket Score
यूएसए (प्लेइंग इलेवन): एंड्रीस गूस, शयान जहांगीर, मोनांक पटेल (कप्तान और विकेटकीपर), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, सौरभ नेत्रावलकर, एहसान आदिल।