Finn Allen Smashing Fastest Century For KKR: आईपीएल 2026 के मुकाबले में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इतिहास रच दिया। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतक जड़कर यह कारनामा किया। वहीं इस दौरान एलन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और टीम को आसान जीत दिलाई।

Advertisement

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार (8 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में KKR के स्टार बल्लेबाज फिन एलन ने अपनी बेबाक बल्लेबाजी से महफिल लूट ली।

Advertisement

143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी KKR को एलन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। एलन ने सिर्फ 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसी के साथ वह KKR के लिए आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

न्यूजीलैंड के इस स्टार बल्लेबाज ने अपना शतक पारी के 15वें ओवर में दूसरी गेंद पर मुकेश कुमार को छक्का लगाकर पूरा किया। उनकी इस शानदार पारी में 5 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। एलन ने आखिर तक नाबाद रहते हुए 100 रन बनाए और टीम को सिर्फ 14.2 ओवर में जीत दिला दी।

इससे पहले KKR के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड संयुक्त रुप से वेंकटेश अय्यर और सुनील नरेन के नाम था, अय्यर ने आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 49 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं सुनील नरेन ने 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 49 गेंदों में सेंचुरी बनाई थी। अब फिन एलन ने इन दोनों को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।

KKR के लिए सबसे तेज आईपीएल शतक:

  1. फिन एलन – 47 गेंद
  2. वेंकटेश अय्यर – 49 गेंद
  3. सुनील नरेन – 49 गेंद
  4. ब्रेंडन मैकुलम – 53 गेंद
Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। पथुम निसांका ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि आशुतोष शर्मा ने आखिर में 27 गेंदों में 39 रन जोड़कर टीम को 142 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में KKR ने फिन एलन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मुकाबला पूरी तरह एकतरफा बना दिया। एलन के अलावा कैमरून ग्रीन ने भी 27 गेंदों में नाबाद 33 रन की अहम पारी खेली। कोलकाता ने 34 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार