India vs Afghanistan: पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले (Sairaj Bahutule) न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले टीम में स्पिन-बॉलिंग कोच के तौर पर शामिल हो गए हैं। वह लिमिटेड ओवर क्रिकेट में भी भारतीय स्पिनर्स के साथ काम करेंगे। बीसीसीआई ने मंगलवार (2 जून) को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
बहुतुले हाल ही में आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे, जहां उन्होंने उनके स्पिन-गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम किया। इससे पहले वह केरल और बंगाल की पुरुष टीमों के साथ भी रह चुके हैं। वह 2028 से 2021 से राजस्थान रॉयल्स के सपोर्टच स्टाफ का भी हिस्सा थे, इसके बाद वह नेशनल क्रिकेट अकेडमी में रहे। उन्होंने 'इंडिया ए' के असाइनमेंट्स और कुछ इंडिया सीरीज़ के लिए सपोर्ट स्टाफ के तौर पर काम किया,उस समय राहुल द्रविड़ हेड कोच थे और इसके बाद आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के साथ एक और साल के लिए वापस लौटे।
बहुतुले का इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा था, उन्होंने 1997 में भारत के लिए डेब्यू किया औऱ 2003 में अपना आखिरी मैच खेला। इस दौरान उन्होंने दो टेस्ट औऱ आठ वनडे मैच खेले। हालांकि उनका घरेलू क्रिकेट करियर शानदार रहा और 188 फर्स्ट क्लास मैच में 630 विकेट लिए और 6176 रन बनाए। वहीं 143 लिस्ट ए मैच में 197 विकेट अपने खाते में डाले।
बहुतुले भारत के उस सपोर्ट स्टाफ में शामिल होंगे, जिसमें अभी कोई स्पिन-बॉलिंग कोच नहीं है। वह हेड कोच गौतम गंभीर और सितांशु कोटक (बल्लेबाजी), मोर्ने मोर्कल (तेज गेंदबाजी), टी. दिलीप (फील्डिंग) और रयान टेन डोशेट (असिस्टेंट कोच) के साथ जुड़ेंगे।
भारतीय टीम फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है औऱ अभी तक चार टेस्ट जीते हैं और चार हारे हैं। इसके अलावा भारतीय टीम को घर में पिछली अपनी दो सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।
Also Read: LIVE Cricket Score
6 से 10 जून तक अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला यह टेस्ट मौजूदा साल में भारत का पहला टेस्ट मैच होगा।