IND vs AFG One-off Test: शुभमन गिल (Shubman Gill) की कैप्टेंसी वाली भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम शनिवार, 06 जून से न्यू चंदीगढ़ के PCA स्टेडियम में अफगानिस्तान के साथ एकमात्र टेस्ट में टक्कर लेती नज़र आएगी। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने बड़ा खुलासा करते हुए ये बता दिया कि टीम इंडिया के लिए नंबर-3 पर साईं सुदर्शन (Sai Sudharsan) या देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) में से कौन बल्लेबाज़ी करता नज़र आएगा।
दरअसल, गौतम गंभीर ने भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मुकाबले से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया जहां उन्होंने साईं सुदर्शन को टीम इंडिया के लिए नंबर-3 पर बैटिंग करने के लिए फेवरेट बताया। वो बोले, "साईं सुदर्शन को निष्पक्ष मौका नहीं मिला है। उन्होंने ज्यादा मुकाबले इंग्लैंड में खेले हैं और मेरा मानना है कि उन्हें उचित अवसर मिलने चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सिर्फ 11 खिलाड़ी ही चुन सकते हैं। साईं सुदर्शन खराब फॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने IPL19 में 722 रन बनाए हैं। अगर हम किसी खिलाड़ी को सिर्फ चार-पांच मैचों के आधार पर आंकेंगे तो कभी मजबूत टीम नहीं बना पाएंगे।" हेड कोच के बयान से साफ है कि अफगानिस्तान के सामने एकमात्र टेस्ट में साईं सुदर्शन ही नंबर-3 पर बैटिंग करते नज़र आने वाले हैं।
बताते चलें कि गौतम गंभीर ने IND Vs AFG टेस्ट मुकाबले में मानव सुथार और हर्ष दुबे दोनों ही स्पिन गेंदबाज़ों को खिलाने के भी संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, "मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे गेंदबाज़ हैं, लेकिन उनका रिलीज पॉइंट अलग है। यह मैच हमें चौथे स्पिनर की पहचान करने का मौका देगा क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनरों के साथ जाएंगे।"
भारत का पूरा स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), गुरनूर बराड़ और देवदत्त पडिक्कल।
Also Read: LIVE Cricket Score
अफगानिस्तान का पूरा स्क्वॉड: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमानुल्लाह, अफ़सर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, बिलाल सामी, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम और जियाउर रहमान।