England vs New Zealand, 2nd Test: ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन करियर का पहला टेस्ट शतक जड़कर अपना नाम न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया।
फिलिप्स न्यूजीलैंड के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने का कारनामा किया है। उनसे पहले पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकुलम और मार्टिन गुप्टिल ने ही ऐसा किया था। फिलिप्स दुनिया के 35वें खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में शतक लगाया है।
फिलिप्स ने वनडे और टेस्ट में एक-एक और टी-20 इंटरनेशनल में दो शतक लगाए हैं।
न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने कीवी टीम के लिए सबसे ज्यादा 48 शतक जड़े लेकिन वह टी-20 इंटरनेशनल में कभी शतक नहीं जड़ पाए। टी-20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में उनका बेस्ट स्कोर 95 रन रहा जो 2020 में भारत के खिलाफ हुए मैच में आया।
दूसरे दिन फिलिप्स 49 रन से आगे खेलने उतरे थे और शानदार खेल दिखाते हुए उन्होंने 133 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
फिलिप्स की इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 391 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान इंग्लैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 222 रन बना लिए हैं और अभी न्यूजीलैंड से 169 रन पीछे है। एमिलियो गे (53 रन), कप्तान जो रूट (46 रन) औऱ बेन डकेट (36) ने थोड़ी लड़ाई दिखाई लेकिन पारी को बड़ा करने से चूक गए।