Glenn Phillips Unwanted Record: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (New Zealand Cricket) के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने बीते मंगलवार, 10 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 11वें मुकाबले में यूएई (NZ vs UAE) के खिलाफ गेंदबाज़ी करते हुए अपने एक ओवर में पूरे 27 रन लुटाए। गौरतलब है कि इसी के साथ ग्लेन फिलिप्स के नाम दो अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में 29 साल के ग्लेन फिलिप्स ने सिर्फ 2 ओवर गेंदबाज़ी की और 30 रन देकर एक विकेट लिया। उन्होंने अपने पहले ओवर में सिर्फ 3 रन दिए थे, लेकिन इसके बाद जब वो दूसरा ओवर करने आए तब UAE के बल्लेबाज़ों ने उन्हें शुरुआत से टारगेट किया और आखिर में 27 रन ठोक डाले। इस दौरान ग्लेन फिलिप्स ने ओवर में 8 बॉल फेंकी।
गौर करें कि ग्लेन फिलिप्स अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए सबसे महंगा ओवर डालने वाले खिलाड़ी बन गए है। उन्होंने ईश सोढ़ी का अनचाहा रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के सामने अपने एक ओवर में 22 रन खर्चे थे।
इतना ही नहीं, ग्लेन फिलिप्स के नाम एक फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी के तौर पर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में एक एसोसिएट टीम के सामने 1 ओवर में सर्वाधिक रन खर्च करने का भी शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ चुका है। इससे पहले ये अनचाहा रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के काइल एबॉट के नाम दर्ज था जिन्हें साल 2016 में अफगानिस्तान की टीम ने एक ओवर में 22 रन ठोके थे।
T20 World Cup में FM टीम vs एसोसिएट टीम के लिए सबसे महंगा ओवर
- 27 - ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड) बनाम यूएई, चेन्नई, 2026
- 22 - काइल एबॉट (साउथ अफ्रीका) बनाम अफगानिस्तान, मुंबई डब्ल्यूएस, 2016
- 22 - तबरेज़ शम्सी (साउथ अफ्रीका) बनाम यूएसए, नॉर्थ साउंड, 2024
- 22 - जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड) बनाम नेपाल, मुंबई डब्ल्यूएस, 2026
बात करें अगर इस मुकाबले की तो चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी जिसके बाद उन्होंने कैप्टम मुहम्मद वसीम (45 गेंदों पर 66 रन) और अलीशान शराफू (47 गेंदों पर 55) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 20 ओवर में 173 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की सलामी बल्लेबाज़ों की जोड़ी टिम सेफर्ट (42 गेंदों पर नाबाद 89 रन) और फिन एलन (50 गेंदों पर नाबाद 84 रन) ने रिकॉर्ड 175 रनों की साझेदारी की जिसके दम पर कीवी टीम ने महज़ 15.2 ओवर में 174 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 10 विकेट से मुकाबला जीता।