ENG vs IND ODI: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में दो बड़े विकेट झटक लिए। शुरुआत में महंगे साबित होने के बाद बरार ने जबरदस्त कमबैक किया और इंग्लैंड की मजबूत होती साझेदारी को तोड़ दिया। उनके इस स्पैल ने भारत को मुकाबले में वापस ला दिया और मेजबान टीम की रनगति पर भी ब्रेक लगा दिया।
इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले गुरनूर को इंग्लैंड दौरे के पहले वनडे में भी मौका मिला है। हालांकि, उनके लिए शुरुआत आसान नहीं रही। पहले दो ओवरों में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने उन पर जमकर हमला बोला।
लेकिन इसके बाद कप्तान शुभमन गिल की एक शानदार चाल चली। गिल ने गुरनूर का एंड बदल दिया और इसके बाद युवा तेज गेंदबाज ने शानदार वापसी की। पारी के 13वें और अपने तीसरे ओवर में गुरनूर ने पहले जैकब बेथेल को पवेलियन भेजा। बैक ऑफ लेंथ गेंद पर बेथेल ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधा वॉशिंगटन सुंदर के हाथों में चली गई। बेथेल 31 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए और इंग्लैंड की 61 रनों की साझेदारी टूट गई।
इसके सिर्फ दो गेंद बाद गुरनूर ने बेन डकेट का भी बड़ा विकेट झटक लिया। डकेट ने कट शॉट खेलकर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डीप थर्ड मैन पर खड़े जसप्रीत बुमराह ने शानदार सूझबूझ दिखाई। बुमराह ने पहले गेंद को हवा में उछाला ताकि उनका पैर बाउंड्री लाइन से न टकराए और फिर अंदर आकर शानदार कैच पूरा किया।
VIDEO:
इस तरह गुरनूर बरार ने एक ही ओवर में इंग्लैंड की सेट सलामी जोड़ी को पवेलियन भेजकर भारत को शानदार वापसी दिलाई। उन्होंने अपने 9 ओवर के स्पैल में 61 रन देकर दो अहम विकेट हासिल किए।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवर में 258 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए जो रूट ने 76 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए, जबकि लियाम डॉसन ने 83 गेंदों में 68 रन की उपयोगी पारी खेली। बेन डकेट ने भी 45 गेंदों में 43 रन का योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से गेंदबाजी में अक्षर पटेल सबसे सफल रहे। उन्होंने 9.5 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।