पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर हरप्रीत बरार (Harpreet Brar) ने शुक्रवार (30 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन से खास रिकॉर्ड बना दिया।
बरार ने पहले बल्लेबाजी में 17 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 25 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजी में अपने कोटे के चार ओवरों मे सिर्फ 19 रन देकर तीन सबसे बड़े विकेट हासिल किए। बरार ने विराट कोहली (35), ग्लेन मैक्सवेल (0) और एबी डी विलियर्स (3) को अपना शिकार बनाया। इसके अलावा फील्डिंग में एक कैच भी लपका।
बरार आईपीएल में पंजाब के लिए एक मैच में 25 रन और तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले युवराज सिंह (2009), पॉल वॉल्थाटी (2011), मार्कस स्टोइनिस (2016) और अक्षर पटेल (2017) ने यह कारनामा किया है।
बता दें कि 2019 में डेब्यू करने वाले बरार के आईपीएल करियर का चौथा ही मैच था। उन्हें टीम में तेज गेंदबाज अर्शदीप की जगह शामिल किया गया था। कोहली-मैक्सवेल और डी विलियर्स आईपीएल में उनके पहले तीन शिकार बने हैं।