भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेगली ओवल के मैदान पर टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। तीसरे दिन टी ब्रेक तक दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने एक विकेट खोकर 36 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड की कुल बढ़त 146 रनों की हो गई है।

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 8 रनों के स्कोर पर न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम को पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद दूसरे सेशन में डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने कीवी टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। कॉनवे 25 गेंदों में 15 और निकोल्स 14 गेंदों में 12 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।

इससे पहले, भारत की पूरी टीम पहली इनिंग में 246 रन बनाकर सिमटी। भारत की ओर से ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 170 गेंदों में 88 रन बनाए। उनकी इस पारी में 14 चौके शामिल रहे।

इसके अलावा, आकाश दीप ने 29 रनों की अहम पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 25 और ऋषभ पंत ने 23 रन जोड़े। हालांकि, न्यूजीलैंड पहली पारी के आधार पर 110 रनों की बड़ी बढ़त हासिल करने में सफल रहा।

भारत ने तीसरे दिन 116/6 के स्कोर से अपनी पारी आगे बढ़ाई, लेकिन जल्द ही टीम को सातवां झटका लग गया। स्कोर में सिर्फ एक रन जुड़ने के बाद मैट हेनरी ने अंशुल कंबोज को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। कंबोज बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगा बैठे और स्लिप में हेनरी निकोल्स के हाथों कैच हो गए। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और उन्हें आकाश दीप का अच्छा साथ मिला। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 74 गेंदों में 46 रन जोड़कर पारी को संभाला। आकाश ने 52 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे। उनकी पारी का अंत नाथन स्मिथ ने किया।

एक छोर पर डटे जुरेल ने शानदार धैर्य और तकनीक का परिचय देते हुए भारत को फॉलोऑन से बचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नौवें विकेट के लिए डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार के साथ 123 गेंदों में 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बरार ने 46 गेंदों में एक चौके की मदद से 10 रन बनाए और वो काइल जेमीसन की गेंद पर बोल्ड हुए। जुरेल भारत की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे।

जसप्रीत बुमराह 17 गेंदों पर 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। काइल जेमीसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 25.1 ओवर में 69 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, मैट हेनरी, नाथन स्मिथ और जैकब डफी ने भी शानदार सहयोग करते हुए दो-दो विकेट अपने नाम किए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार