सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने एक बार फिर अपने तूफानी अंदाज से महफिल लूट ली। आईपीएल 2026 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को उन्होंने ऐसा निशाना बनाया कि एक ही ओवर में 27 रन बटोर डाले।
आईपीएल 2026 का 67वां मुकाबला शुक्रवार (22 मई) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में SRH के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन शुरुआत से ही आक्रामक मूड में नजर आए और उन्होंने RCB के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। खास तौर पर 13वें ओवर में उन्होंने जोश हेजलवुड को पूरी तरह निशाने पर ले लिया।
हेजलवुड के ओवर की दूसरी गेंद पर क्लासेन ने मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज दबाव में आ गया और लगातार दो वाइड गेंदें फेंक बैठा। क्लासेन यहीं नहीं रुके। अगली गेंद पर उन्होंने एक और लंबा छक्का ठोक दिया। फिर चौथी गेंद पर जोरदार चौका लगाया और पांचवीं गेंद पर दोबारा गेंद को स्टैंड्स में पहुंचा दिया। आखिरी गेंद पर एक रन आया और इस तरह क्लासेन ने हेजलवुड के ओवर से कुल 27 रन बटोर लिए।
VIDEO:
क्लासेन ने इस मुकाबले में सिर्फ 24 गेंदों में 51 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 2 चौके और 5 लंबे छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा का रहा। उन्होंने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 113 रन की शानदार साझेदारी भी निभाई, जिसने SRH को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
गौरतलब है कि क्लासेन इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह अब तक 606 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 159.47 का रहा है। इस सीजन उनके बल्ले से 6 अर्धशतक भी निकल चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए हेनरिक क्लासेन (51) के अलावा ईशान किशन ने 46 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 56 रन बनाकर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई।