टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी स्टेज पर पहुंच गया है जहां फाइनल में इंडिया और न्यूज़ीलैंड का आमना-सामना होगा। ये ज़बरदस्त मुकाबला आज यानि 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ये फाइनल जीतकर इतिहास में लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनना चाहेगी लेकिन इसके लिए उन्हें टीम के सभी खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। खासकर तीन खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिनका चलना बहुत जरूरी होगा क्योंकि अगर ये तीन खिलाड़ी चले तो भारत का वर्ल्ड कप जीतना तय है, तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर वो तीन खिलाड़ी कौन से हैं।
1. अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा का टी-20 वर्ल्ड कप अभी तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है लेकिन हमें ये नहीं भूलना होगा कि अभिषेक शर्मा अकेले दम पर भारत को टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल जिता सकते हैं। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन खराब रहा है, जबकि उनके टेम्परामेंट पर भी सवाल उठ रहे हैं, लेकिन हो सकता है कि जो उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में नहीं किया वो इस फाइनल में कर जाएं। अगर कीवी टीम के खिलाफ अभिषेक के नंबर्स देखे जाएं तो वो आंकड़े बेहद शानदार हैं। अभिषेक ने कीवी टीम के खिलाफ पांच पारियों में 249.31 के स्ट्राइक रेट से 182 रन बनाए हैं, जिसमें दो फिफ्टी भी शामिल हैं। ऐसे में उनपर भारत की जीत काफी हद तक निर्भर रहेगी।
2. अक्षर पटेल
इंग्लैंड पर भारत की सेमीफाइनल जीत में अक्षर पटेल की भूमिका काफी अहम थी। उन्होंने गेंद से तो विकेट लिया ही लेकिन फील्डिंग में भी तीन कैच लेकर इंग्लिश टीम की कमर तोड़ दी। ऐसे में फाइनल में भी अक्षर से काफी उम्मीदें होंगी क्योंकि वो ना सिर्फ अपनी बैटिंग से बल्कि अपनी बॉलिंग से भी भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिता सकते हैं। टी-20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड के कई बैटर्स के खिलाफ उनका हेड टू हेड रिकॉर्ड शानदार है और फाइनल में भी वो अपने स्पेल से मैच का पासा पलट सकते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर ने ग्लेन फिलिप्स को 21 गेंदों में तीन बार, डेरिल मिचेल को 26 गेंदों में दो बार, मार्क चैपमैन को 24 गेंदों में दो बार और फिन एलन को 10 गेंदों में एक बार आउट किया है।
इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि अगर जसप्रीत बुमराह भारत को अकेले दम पर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जिता दें। उनके चार ओवर फाइनल में निश्चित रूप से फर्क ला सकते हैं, जैसा कि हमें हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल में भी देखने को मिला था। सभी फॉर्मेट में, बुमराह के सबसे खराब आंकड़े सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ हैं और वो रविवार को उन नंबर्स को ठीक करना चाहेंगे। अगर बुमराह गेंद से अपना काम करने में सफल रहते हैं तो ये समझ जाइए कि लगातार दूसरी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी घर आ रही है।