पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 जहां पर खत्म किया था वहीं से उन्होंने आईपीएल 2026 की शुरुआत की है। पिछले आईपीएल में उनकी कप्तानी में पंजाब ने फाइनल खेला था और अभी तक मौजूदा सीजन में भी 6 मैच होने के बाद पंजाब की टीम बिना कोई मैच हारे अंक तालिका में टॉप पर है। अय्यर ना सिर्फ कप्तान के रूप में बल्कि एक बल्लेबाज के रूप में भी मौजूदा सीजन में धमाल मचा रहे हैं और यही कारण है कि उन्हें ना सिर्फ भारतीय टी-20 टीम में शामिल करने की बल्कि उन्हें कप्तान बनाने की मांग भी उठने लगी है।

Advertisement

भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इस समय 35 साल के हैं और उनके खराब फॉर्म साथ-साथ बढ़ती उम्र भी उनके खिलाफ जा रही है ऐसे में श्रेयस अय्यर एक भरोसेमंद विकल्प के तौर पर अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने कभी भी अपनी ओर ध्यान खींचने के लिए शोर नहीं मचाया। उन्होंने तो बस चुपचाप अपने शानदार नतीजों से फैंस के दिलों में अपनी जगह बनाई है।

Advertisement

2020 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार आईपीएल के फ़ाइनल तक पहुंचाया। फिर कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ एक कदम और आगे बढ़ते हुए, 2024 में खिताब अपने नाम किया। उसके बाद, 2025 में उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स ने फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया और अब आईपीएल 2026 में, उन्होंने पंजाब किंग्स को पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है। अलग-अलग टीमें, अलग-अलग सेटअप, लेकिन नतीजा वही रहा है।

ये सिर्फ़ IPL की बात नहीं है। घरेलू क्रिकेट में भी, उन्होंने मुंबई को 2024–25 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी का ख़िताब दिलाया और बल्ले से अपने काम को भी नहीं भूले। उस सीज़न की रणजी ट्रॉफ़ी में भी उन्होंने पांच मैचों में 68.57 की औसत और 90.22 के स्ट्राइक रेट से कुल 480 रन बनाए। चयनकर्ताओं ने भी इस बात पर गौर किया और उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत का वनडे उप-कप्तान बनाया गया।

हालांकि, अय्यर ने दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे के बाद से कोई भी टी-20I मैच नहीं खेला है। तब से लेकर अब तक, उन्होंने 47 टी-20 मैचों में 171.16 के स्ट्राइक रेट से कुल 1,508 रन बनाए हैं। उनका बल्ले से फॉर्म और कप्तानी में शानदार प्रदर्शन ये साफ दिखाता है कि अय्यर इस समय भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अगर सेलेक्टर्स ने उनका इस्तेमाल नहीं किया तो ये अय्यर का नहीं बल्कि भारतीय टीम का नुकसान होगा। ऐसा ना सिर्फ हम कह रहे हैं बल्कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन भी कह चुके हैं।

इतना ही नहीं, पंजाब किंग्स में ही अय्यर के साथी शशांक सिंह और विजयकुमार वैशाख भी ये साफ कह चुके हैं कि अय्यर टीम इंडिया की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं।इंडिया टुडे के साथ एक राउंडटेबल चर्चा के दौरान वैशाख ने कहा, “मुझे लगता है कि वो ऐसे इंसान हैं जिन्होंने हमेशा अपने गेंदबाज़ों और खिलाड़ियों का साथ दिया है। इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि आप अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं या नहीं। एक गेंदबाज़ के लिए यह बात बहुत मायने रखती है। उन्होंने इस फ़ॉर्मेट में ज़बरदस्त प्रदर्शन किया है और भारत के लिए खेल रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि वो जल्द ही भारतीय कप्तान बनेंगे।”

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

जाहिर है कि अय्यर के ईर्द गिर्द इतनी चर्चा हो गई है कि अब ऐसा लगता है कि आईपीएल के बाद अय्यर भारतीय टी-20 टीम में तो वापसी करेंगे ही लेकिन साथ ही शायद उन्हें टी-20 टीम की कमान भी दी जा सकती है। ऐसे में आने वाले समय में क्या होता है ये देखना काफी दिलचस्प होगा।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार