मैथ्यू वेड और ग्लेन मैक्सवेल के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 90 रनों की तूफानी साझेदारी के दम पर आस्ट्रेलिया ने मंगलवार को यहां सिडनी क्रिकेट मैदान पर जारी तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत के सामने 187 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 186 रन बनाए। उसकी ओर से वेड ने सर्वाधिक 80 रनों का पारी खेली।

Advertisement

वेड के अलावा स्टीवन स्मिथ ने 24 और ग्लैन मैक्सवेल ने 54 रन बनाए। वेड ने अपनी 53 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए जबकि स्मिथ ने 23 गेंदों का सामना कर एक चौका लगाया।

कप्तान एरॉन फिंच एक मैच के विराम के बाद टीम में लौटे लेकिन वह खाता नहीं खोल सके। मैक्सवेल ने वेड का अच्छा साथ निभाया और 36 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए।

वेड और मैक्सवेल ने तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 90 रनों की साझेदारी की।

फिंच का विकेट 14 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद स्मिथ और वेड ने स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। स्मिथ सम्भलकर खेल रहे थे जबकि वेड ने तेजी से खेलते हुए इस सीरीज का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया।

स्मिथ का विकेट 79 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद वेड और मैक्सवेल ने स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। दोनों आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे। ऐसा लग रहा था कि वे आस्ट्रेलिया को आसानी से 200 के पार पहुंचा देंगे लेकिन 169 के कुल योग पर शार्दूल ने वेड को पगबाधा आउट कर इस जोड़ी को तोड़ दिया।

इसके तुरंत बाद 175 के कुल योग पर मैक्सवेल भी आउट हो गए। मोएसिस हेनरिक्स पांच रनों पर नाबाद लौटे जबकि इस सीरीज के शुरुआती दो मैचों में पारी की शुरुआत करने वाले डी आर्ची स्कॉट सात रन बनाकर रन आउट हुए। डेनियल सैम्स के बल्ले से नाबाद चार रन निकले।

भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट लिए। शार्दूल ठाकुर और टी. नटराजन को एक-एक सफलता मिली। आस्ट्रेलिया को 12 रन अतिरिक्त के तौर पर मिले।

तीन मैचों की सीरीज भारत 2-0 से अपने नाम कर लिया है।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार