IND vs SL: विराट कोहली का टूटा दिल, रोती सूरत लिए दिखे गमगीन

Updated: Sat, Mar 12 2022 19:01 IST
Virat Kohli

IND vs SL 2nd Pink Ball Test Day Night Match: भारत और श्रीलंका के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में एकबार फिर विराट कोहली ने निराश किया। वेल-सेट नजर आ रहे विराट कोहली अपने 71वें शतक की तरफ बढ़ रहे थे कि इतने में गेंद घूमी और उनका काम तमाम हो गया। विराट कोहली ने 23 रन बनाए थे। भारत की पारी के 28वें ओवर में धनंजय डी सिल्वा ने विराट कोहली को अपने जाल में फंसाया।

ओवर की तीसरी गेंद में गेंदबाज की घूमती गेंद पर विराट कोहली बिल्कुल भौचक्के रह गए और अपना विकेट गंवाया। एक पल के लिए विराट कोहली को यकीन ही नहीं हुआ कि आखिर क्यों वो गेंद को पढ़ने में कामयाब नहीं हो पाए। वहीं आउट होने के बाद उनका रिएक्शन भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

विराट कोहली जब आउट होकर ड्रेसिंग रूम में लौटे तब उन्हें हद से ज्यादा निराश देखा गया। विराट कोहली के चेहरे के भाव बता रहे थे कि वो कितने ज्यादा दुखी हैं। वहीं अपने फेवरेट क्रिकेटर को इस हालत में देखकर फैंस भी दुखी हैं। फैंस को उम्मीद है कि जल्द से जल्द विराट के बल्ले से शतकों का सूखा खत्म होगा और वो अपकमिंग मैच में बड़ी पारी खेलेंगे।

मालूम हो कि फैंस लंबे समय से विराट कोहली के 71वें शतक का इंतजार कर रहे हैं। विराट कोहली ने आखिरी बार 23 नवंबर 2019 को शतक लगाया था। विराट कोहली का शतक कोलकाता के ईडन गार्डन के मैदान में बांग्लादेश के खिलाफ आया था। विराट कोहली ने तब 136 रनों की पारी खेली थी।

वहीं अगर भारत और श्रीलंका के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम इंडिया ने पहली पारी 252 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने सर्वाधिक 92 रनों की पारी खेली।

यह भी पढ़ें: मटन रोल खाने के लिए विराट कोहली ने जोखिम में डाली थी जान

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें