IND vs WI 1st ODI Highlights: भारत ने रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज से मिले 296 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल की शतकीय पारियों दम पर महज 41.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स और जॉन कैंपबेल ने पहले विकेट के लिए 135 रन जोड़े। ग्रीव्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि कैंपबेल ने 60 गेंदों में 62 रन बनाए।
सलामी साझेदारी टूटने के बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। आमिर जांगू ने जरूर 43 गेंदों में 58 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके। इसके चलते वेस्टइंडीज 300 रन का स्कोर पार नहीं कर पाई और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 295 रन बनाए।
भारत की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा को 2 विकेट मिले, जबकि नितीश कुमार रेड्डी ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।
296 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। रोहित शर्मा 35 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आए।
इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने मिलकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रन की शानदार साझेदारी की और भारत को लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचा दिया।
शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 108 गेंदों में 110 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं विराट कोहली ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 88 गेंदों में 139 रन की नाबाद पारी खेली। कोहली ने अपनी पारी में 10 चौके और 9 छ्क्के लगाए और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे।
Also Read: LIVE Cricket Score
वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में रोस्टन चेज और अल्जारी जोसेफ को ही सफलता मिल पाई। दोनों ने एक-एक विकेट अपने नाम किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने कैरेबियाई गेंदबाजी ज्यादा देर टिक नहीं सकी।