Ireland vs India 2nd T20: बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में रविवार (28 जून) को खेले गए दूसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने भारत को 1 रन से हराकर इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 154 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 153 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ आयरलैंड ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट में भारत के खिलाफ सीरीज जीतने का कारनामा किया और 2-0 से क्लीन स्वीप भी पूरा किया।

Advertisement

इस मुकाबले में टॉस हाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 48 रन के स्कोर तक टिम टैक्टर (5), रॉस अडायर (16) और कप्तान लोर्कन टकर (15) के विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद हैरी टैक्टर और बेंजामिन कैलिट्ज़ ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

Advertisement

बेंजामिन कैलिट्ज़ ने 23 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि हैरी टैक्टर ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 47 गेंदों में 53 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इन पारियों की बदौलत आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके। वहीं शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को 2-2 सफलता मिली, जबकि हर्षित राणा ने 1 विकेट अपने नाम किया।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन दोनों पहले ही ओवर में गोल्डन डक होकर पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ईशान किशन 12 रन के स्कोर पर रन आउट हो गए।

लगातार गिरते विकेटों के बीच तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा और 46 गेंदों में 55 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हालांकि दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। आखिरी ओवरों में हर्षित राणा ने 10 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत की उम्मीदें जरूर जगाईं, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी और मुकाबला 1 रन से हार गई।

Advertisement

आयरलैंड की ओर से गेंदबाजी में जय मूंद्रा और मैथ्यू हॉलार्ड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं मैथ्यू हम्फ्रीज़ और हैरी टैक्टर को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस जीत के साथ आयरलैंड ने इतिहास रच दिया। आयरलैंड ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट में भारत को किसी द्विपक्षीय सीरीज में हराया और 2-0 से क्लीन स्वीप कर भारतीय टीम की बड़ी किरकिरी कर दी।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार