9 जून। भारतीय क्रिकेट टीम ने शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर यहां केनिंग्टन ओवल मैदान पर रविवार को जारी विश्व कप-2019 के अपने दूसरे मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 352 बनाए। विश्व कप में किसी भी टीम का आस्ट्रेलिया के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

Advertisement

भारत ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट खोकर आस्ट्रेलिया को 353 रनों का लक्ष्य दिया। धवन ने इस अहम मुकाबले में शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को विश्व कप में अब तक का चौथा सबसे बड़ा योग हासिल करने में मदद की। इससे पहले किसी भी टीम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप में 350 या उससे अधिक रन नहीं बनाए थे।

 
Advertisement

बहरहाल, प्रतियोगिता के पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले रोहित शर्मा और धवन ने भारत को सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले 10 ओवर में पिच को परखा। शुरुआत में दोनों धीमे रहे लेकिन बाद में तेजी से रन बनाए। 

दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 127 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई। शर्मा को 57 के निजी स्कोर पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराकर नाथन कल्टर नाइल ने भारत को पहला झटका दिया। 

70 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाने वाले शर्मा के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान विराट कोहली पिच पर आए और उन्होंने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। 

कोहली ने धीमी शुरुआत की। उन्होंने दूसरे छोर पर खड़े धवन को अधिक स्ट्राइक दी और सलामी बल्लेबाज ने भी उन्हें निराश नहीं किया। उन्होंने वनडे में अपना 17वां जबकि विश्व कप मुकाबलों में तीसरा शतक जड़ा। 

Advertisement

धवन (117) का महत्वपूर्ण विकेट मिशेल स्टार्क ने चटकाया। कोहली और धवन के बीच 93 रनों की साझेदारी हुई। धवन ने 109 गेंदों की अपनी पारी में 16 चौके लगाए।

इसके बाद, कोहली ने हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर तेजी से भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। अंत के 10 ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। 

दोनों बल्लेबाज मिलकर भारत के कुल योग को 300 के पार ले गए। तेजी से रन बनाने के चक्कर में पांड्या 48 के निजी स्कोर पर पैट कमिंस का शिकार हुए। उन्होंने 27 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े। 

Advertisement

पांड्या और कोहली के बीच 81 रनों की साझेदारी हुई। ऑलराउंडर के पवेलियन लौटने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने कोहली के साथ मोर्चा संभाला।

धोनी को 27 के निजी स्कोर पर स्टोइनिस ने आउट किया। स्टोइनिस ने कोहली को भी पवेलियन भेजा। भारतीय कप्तान ने 77 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 82 रन बनाए। 

लोकेश राहुल 11 रन बनाकर नाबाद रहे। आस्ट्रेलिया की ओर से कमिंस, स्टार्क, कल्टर नाइल को एक-एक विकेट मिला जबकि स्टोइनिस ने दो विकट चटकाए। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार