England vs India 1st ODI: भारत ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इंग्लैंड के 259 रन के लक्ष्य को भारत ने 28 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार छह हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया।

Advertisement

इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ठीक ठाक रही थी। बेन डकेट और जैकब बेथेल ने पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 61 रन जोड़े। डकेट ने इस दौरान 45 गेंदों में 43 रन जोड़े थे।

हालांकि, इस साझेदारी के टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी बिखर गई और टीम ने अगले 46 रन के भीतर 6 विकेट गंवा दिए। मुश्किल परिस्थितियों में जो रूट और लियाम डॉसन ने पारी को संभालते हुए सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रन की शानदार साझेदारी निभाई।

जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए, जबकि लियाम डॉसन ने 83 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। लेकिन इनके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सका और इंग्लैंड की पूरी टीम 47.5 ओवर में 258 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने 4 विकेट चटकाए। इसके अलावा गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली।

259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंदों में 80 रन बनाए। हालांकि, थोड़ा असहज महसूस होने के कारण वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।

मध्य ओवरों में श्रेयस अय्यर ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 53 गेंदों में 35 रन बनाए और शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 103 गेंदों में 101 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

इसके बाद वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने जिम्मेदारी संभालते हुए छठे विकेट के लिए 105 गेंदों में 102 रन की नाबाद साझेदारी कर भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। अक्षर पटेल ने 52 गेंदों में नाबाद 57 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने भी पचासा लगाते हुए 63 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए।

इस तरह भारत ने 45.2 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पहले आयरलैंड के खिलाफ 2-0 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 4-0 से मिली हार के बाद जोरदार वापसी की।

इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में सैम करन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग को ही 1-1 विकेट मिल पाया।

Also Read: LIVE Cricket Score

वहीं इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और लगातार छह हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार