ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Pakistan Women:आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन का स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना ने शानदार अर्धशतक जड़ा और अंत में ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए फिनिंशग पारी खेली।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला रविवार (14 जून) को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर पावरप्ले के भीतर ही पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 91 रन की अहम साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। हरमनप्रीत ने 35 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया, जबकि स्मृति ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेजी से रन बटोरे और सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इन पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं रमीन शमीम और तस्मिया रूबाब को 1-1 सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
भारत महिला (प्लेइंग XI): स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधित रेड्डी, श्री चरणी, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल।
Also Read: LIVE Cricket Score
पाकिस्तान महिला (प्लेइंग XI): मुनीबा अली (विकेटकीपर), सायरा जबीन, गल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रूबाब, सादिया इकबाल।