India Squad For Women Asia Cup 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला एशिया कप 2026 (Women's Asia Cup 2026) के लिए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वाड की घोषणा कर दी है। एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में लॉर्ड्स में शतक लगाने वाली युवा खिलाड़ी यास्त्रिका भाटिया (Yastika Bhatia) को जगह नहीं दी गई है। इस टूर्नामेंट में एक बार फिर दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) टीम की अगुवाई करती नज़र आएंगी।
साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई थी जिसके बाद लगातार हरमनप्रीत कौर को कप्तानी से पद से हटाने की मांग उठ रही थी, हालांकि भारतीय चयनकर्ताओं ने एक बार फिर कैप्टन हरमन पर भरोसा जताया है। वो एशिया कप 2026 में भारतीय टीम कप्तानी करेंगी, वहीं उनकी डिप्टी स्मृति मंधाना होंगी।
भारतीय स्क्वाड में बहुत अधिक बदलाव देखने को नहीं मिले हैं। बल्लेबाज़ी क्रम में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और भारती फुलमाली भी मौजूद हैं। बात करें अगर ऑलराउंडर्स की तो यहां दीप्ति शर्मा और प्रेमा रावत हैं।
गौरतलब है कि चयनकर्ताओं ने स्क्वाड में दो विकेटकीपर चुने हैं, जो कि ऋचा घोष और जी कमलिनी हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में शतक लगाने वाली टैलेंटिड विकेटकीपर बल्लेबाज़ यास्त्रिका भाटिया को टी20 टीम में जगह नहीं मिली है।
बात करें अगर गेंदबाज़ों की तो स्क्वाड में चार तेज गेंदबाज़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ हैं। वहीं स्पिन गेंदबाज़ों के तौर पर राधा यादव और श्री चरणी हैं। बताते चलें कि श्रेयंका पाटिल चोटिल होने के कारण स्क्वाड में नहीं चुनी गईं हैं। वो अपने टखने की चोट से उबर रही हैं।
महिला एशिया कप 2026 के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, श्री चरणी और नंदनी शर्मा।
Also Read: LIVE Cricket Score
रिजर्व खिलाड़ी: प्रतिका रावल, उमा छेत्री (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे और मिन्नू मणि।