Women's T20 World Cup 2026 Warm-Up, India Women vs West Indies Women: महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले खेले जा रहे वॉर्म-अप मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 26 रन से हरा दिया। भारती फुलमाली की अर्धशतकीय पारी और श्रेयंका पाटिल की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने जीत के साथ अपनी तैयारियों का आगाज किया।
12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले सभी टीमें वॉर्म-अप मैचों के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। इसी कड़ी में कार्डिफ के सोफिया गार्डन स्टेडियम में सोमवार (8 जून) को भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला खेला गया।
वेस्टइंडीज की कप्तान शिनेल हेनरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंदों में 59 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। स्मृति ने 23 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 13 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली।
सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद यास्तिका भाटिया और भारती फुलमाली ने पारी को संभाला। यास्तिका ने 26 गेंदों में 36 रन बनाए और रिटायर्ड आउट हुईं। इस दौरान उन्होंने भारती के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी की। भारती फुलमाली अंत तक क्रीज पर डटी रहीं और 40 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाकर भारत को 20 ओवर में 179 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी में एफी फ्लेचर सबसे सफल रहीं और 4 विकेट अपने नाम किए।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत संभली हुई रही। डियांड्रा डोटिन और शमेनन कैंपबेल ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े, लेकिन इसके लिए 54 गेंदें खेलीं। डोटिन ने 44 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि कैंपबेल 25 रन बनाकर आउट हुईं।
पहली विकेट साझेदारी टूटने के बाद वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी बिखर गई। मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम 20 ओवर में 153 रन तक ही पहुंच सकी।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की जीत में गेंदबाजों की भी बड़ी भूमिका रही। श्रेयंका पाटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि राधा यादव ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इन दोनों स्पिनरों ने वेस्टइंडीज की रनगति पर पूरी तरह लगाम लगाई और भारत को 26 रन की जीत दिलाई।