ICC Women's T20 World Cup 2026, India Women vs Bangladesh Women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस अहम मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। राधा यादव ने गेंदबाजी से कमाल दिखाया, जबकि बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाकर भारत की जीत की नींव रखी।

Advertisement

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 23वां मुकाबला गुरुवार (25 जून) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया। इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत संभली हुई रही।

Advertisement

टीम को पहला झटका दिलारा अख्तर (4) के रूप में जल्दी लग गया। इसके बाद जुआइरिया फेरदौस और सोभना मोस्तारी ने दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 52 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। जुआइरिया ने 31 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि सोभना ने 26 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।

हालांकि मध्य ओवरों में एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। कप्तान निगार सुल्ताना ने जरुर 27 गेंदों में 32 रन जोड़े, लेकिन वह अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सकीं। भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी।

भारत की ओर से राधा यादव सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं श्री चरणी ने 2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा नंदिनी शर्मा और रेणुका सिंह को 1-1 सफलता मिली।

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। शेफाली ने 34 गेंदों में 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। 

Advertisement

शेफाली के अलावा यास्तिका भाटिया ने 18 गेंदों में 23 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। भारतीय बल्लेबाजों के सकारात्मक रवैये का नतीजा रहा कि टीम ने 16.5 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 19 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में रितु मोनी ने 2 विकेट लिए। वहीं राबेया खातून, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-ए की अंकतालिका में 6 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर बने रहते हुए सेमीफाइनल की रेस में खुद को मजबूत किया। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार