कानपुर, 26 जनवरी (CRICKETNMOE)| भारत दौरे पर आई इंग्लैंड को टेस्ट और वन डे सीरीज में हराने के बाद नवनियुक्त कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम गुरुवार से शुरू हो रही तीन टी-20 मैचों की सीरीज में भी प्रतिद्वंद्वियों को दोयम साबित करने उतरेंगे। टी-20 सीरीज का पहला मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत के ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाले इस मैदान पर यह पहला टी-20 मैच है।

Advertisement

वन डे सीरीज में खेलने वाले कई खिलाड़ी टी-20 सीरीज में नहीं हैं। चयनकर्ताओं ने टी-20 के लिए युवा खिलाड़ियों पर जोर दिया है जिनमें सबसे बड़ा नाम विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का माना जा रहा है।

Advertisement

पिछले साल अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर सभी की नजरों में आए पंत ने घरेलू सत्र में भी बल्ले से अपने जौहर दिखाए हैं और रणजी ट्रॉफी के इसी सत्र में कई रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन का उन्हें लाभ मिला और पहली बार भारतीय टीम की जर्सी उन्हें नसीब हुई।

शिखर धवन चोटिल हैं, ऐसे में लोकेश राहुल के साथ पारी की शुरुआत के लिए पंत को अंतिम एकादश में चुना जा सकता है। हालांकि मंदीप सिंह भी राहुल के साथ सलामी बल्लेबाज की दौड़ में हैं। पंत बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, ऐसे में दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाज की जोड़ी को बनाए रखने के लिए टीम प्रबंधन पंत के साथ जा सकता है।

कोहली का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना तय है। युवराज और धौनी ने वन डे में चौथे और पांचवें नंबर पर अपने अनुभव का बेहतरीन परिचय देते हुए टीम के संभाला था। छठे नंबर पर भारत में टी-20 क्रिकेट का बड़ा नाम सुरेश रैना उतर सकते हैं। रैना हाल ही में बुरे दौर से गुजर रहे हैं और टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए यह सीरीज उनके लिए संजीवनी साबित हो सकती है।

Advertisement

रैना लंबे अंतराल के बाद अपने घरेलू मैदान पर खेलते नजर आ सकते हैं।

रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को लगातार खेलने के कारण अंत समय पर आराम दिया गया है। उनकी जगह जम्मू एवं कश्मीर के ऑफ स्पिनर परवेज रसूल और लेग स्पिनर अमित मिश्रा को टीम में जगह मिली है। इन दोनों के अलावा लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी टीम में तीसरे स्पिनर के तौर पर मौजूद हैं। मुख्य कोच अनिल कुंबले और कोहली पहले टी-20 में किसे मौका देंगे यह मैच के दिन ही पता चलेगा।

तेज गेंदबाजी आक्रमण का जिम्मेदारी अनुभवी आशीष नेहरा के कंधों पर रहेगी। वह भी इस सीरीज से वापसी कर रहे हैं। नेहरा के अलावा जसप्रीत बुमराह ने टी-20 में शानदार प्रदर्शन किया है। भुवनेश्वर कुमार के रूप में कोहली के पास एक और विकल्प है। नेहरा का टीम में स्थान लगभग तय है।

Advertisement

हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या टीम में निश्चित ही तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे। आखिरी वन डे में पांड्या ने अर्धशतकीय पारी भी खेली थी।

वहीं मेहमान टीम के लिए यह सीरीज सम्मान की लड़ाई होगी। आखिरी वन डे में मेजबानों के खिलाफ मिली जीत इंग्लैंड के लिए टॉनिक का काम कर सकती है। उस जीत से निश्चित ही इंग्लिश टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा।

Advertisement

कप्तान इयान मोर्गन के लिए अच्छी बात यह है कि उनके बल्लेबाजों ने वन डे श्रंखला में हमेशा रन बनाए हैं। जेसन रॉय ने तीनों मैचों में रन बरसाए तो दूसरे वन डे में कप्तान ने भी अपनी बेहतरीन फॉर्म का परिचय दिया। एलेक्स हेल्स के बाहर होने से उन्हें जरूर झटका लगा है लेकिन सैम बिलिंग्स में हेल्स की जगह भरने की काबिलियत है।

जोस बटलर टी-20 में किसी भी टीम के लिए सरदर्द साबित हो सकते हैं। भारतीय गेंदबाजों के लिए तीनों मैचों में बटलर सबसे कड़ी चुनौती हो सकते हैं। जोए रूट भी अच्छी फॉर्म में हैं और टी-20 में उन्होंने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

गेंदबाजी में डेविड विली, लियाम प्लंकेट, टायमल मिल्स और हरफनमौला बेन स्टोक्स से मोर्गन को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

टीमें : 

भारत : विराट कोहली (कप्तान), महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), युवराज सिंह, सुरेश रैना, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, मंदीप सिंह, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह, परवेज रसूल और अमित मिश्रा।

Advertisement

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), जोए रूट, जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, मोइन अली, सैम बिलिंग्स, जोस बटलर, जैक बॉल, लियाम डॉसन, क्रिस जोर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, बेन स्टोक्स, डेविड विली और टाइमल मिल्स।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार