लंदन, 9 अगस्त (CRICKETNMORE| बर्मिघम में पहले टेस्ट मैच में 31 रनों से हार से आहत भारतीय टीम गुरुवार से शुरू हो रहे लॉर्ड्स मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड को मात देने को बेताब होगी। पहला मैच हालांकि काफी रोचक रहा था, लेकिन इंग्लैंड ने भारत को बैकफुट पर रखते हुए जीत हासिल कर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। 

Advertisement

भारत इस मैच में जख्मी शेर की तरह वार करने के इरादे से उतरेगा। कोहली एंड कंपनी इसका माद्दा भी रखती है और इसलिए इंग्लैंड की टीम भी किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहेगी। 
भारत ने साल 2014 में लॉर्ड्स टेस्ट मैच में शानदार जीत हासिल की थी। 

Advertisement

पिछले मैच में दोनों टीमों के अधिकांश बल्लेबाज विफल रहे थे और गेंदबाजों ने टीम का भार अपने कंधों पर उठाया था। भारत की तरफ से कप्तान विराट कोहली और इंग्लैंड की तरफ से जोए रूट ने ही बल्ले से कमाल दिखाया था। 

कोहली ने पहली पारी में 149 रन और दूसरी पारी में 51 रन बनाए थे। रूट ने पहली पारी में 80 रनों का योगदान दिया था।

कोहली के अलावा टीम का और कोई बल्लेबाज रन नहीं कर पाया था। ऐसे में टीम के कुछ बदलाव होने की संभावना है। शिखर धवन का खराब फॉर्म जारी रहा है, ऐसे में वो टीम से बाहर जा सकते हैं। उनके स्थान पर टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। अगर पुजारा टीम में आते हैं तो पहले मैच में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने वाले लोकेश राहुल, मुरली विजय के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।

उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे की फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय है। पिछले इंग्लैंड दौरे पर रहाणे ने इसी मैदान पर शतकीय पारी खेली थी। उनकी कोशिश होगी कि वह एक बार फिर क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले इस मैदान पर अपनी फॉर्म में वापसी करें।

विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने भी निराश किया था। उनकी बल्लेबाजी के अलावा विकेट के पीछे उनका प्रदर्शन भी ज्यादा खास नहीं रहा था। सवाल यह है कि क्या कोहली ऐसे में युवा ऋषभ पंत को मौका दे सकते हैं?

गेंदबाजी में एक बार फिर टीम के जसप्रीत बुमराह के बिना उतरना पड़ेगा। टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में इस बात की पुष्टि कर दी थी। 

Advertisement

मैदान और मौसम को देखते हुए गेंदबाजी में भी बदलाव संभव है। लॉर्ड्स में इस समय गर्मी का माहौल है। ऐसे में स्थिति स्पिन गेंदबाजों के पक्ष में नजर आ रही है। कोहली इसे देखते हुए रवींद्र जडेजा या कुलदीप यादव को मौका दे सकते हैं। अगर दूसरे स्पिनर को उतारने का फैसला लिया जाता है तो हार्दिक पांड्या को बाहर भेजा जा सकता है। पहले मैच में उन्होंने गेंदबाजी भी कम की थी और बल्ले से भी खास योगदान नहीं दे पाए थे।

इंग्लैंड ने अपनी 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। उसके लिए बेन स्टोक्स का टीम में न होना एक तरह से झटका है। स्टोक्स ब्रिस्टल मामले में सुनवाई के कारण इस मैच में नहीं खेलेंगे। 

पिछले मैच में खराब फील्डिंग व बैटिंग से निराश करने वाले डेविड मलान को टीम से बाहर जाना पड़ा है। उनके स्थान पर ओली पोप को टीम में जगह मिली है। पोप टेस्ट में पदार्पण कर सकते हैं। स्टोक्स की कमी पूरी करने के लिए कप्तान जोए रूट ने क्रिस वोक्स को टीम में जगह दी है।

Advertisement

इंग्लैंड ने भी परिस्थतियों को देखकर दो स्पिन गेंदबाजों आदिल राशिद और मोइन अली को टीम में रखा है। संभावना है कि दोनों स्पिनर अंतिम एकादश में खेलेंगे। 

बल्लेबाजी में भार एक बार फिर कप्तान रूट पर ही होगा। पहले मैच में एलिस्टर कुक विफल रहे थे। उनके अलावा जोस बटलर, जॉनी बेयरस्टो, कीटन जेनिंग्स का भी बल्ला नहीं चला था। ऐसे में इन सभी पर रन बनाने की जिम्मेदारी है। 

तेज गेंदबाजी में जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड से पहले मैच के प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी।

Advertisement

टीमें :

भारत : विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, मुरली विजय, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, चेतेश्वर पुजारा ।

इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), मोइन अली/क्रिस वोक्स, जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), स्टुअर्ट ब्रॉड, जोस बटलर, एलिस्टर कुक, सैम कुरैन, कीटन जेनिंग्स, ओली पोप, आदिल राशिद।
 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार