India vs New Zealand 1st test Day 4: भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर ताश की पत्तों की तरह बिखर गया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने पूरी तरह से घुटने टेक दिए और एक के बाद एक पवेलियन जाते रहे। लगातार गिरते विकेटों के बीच जब बल्लेबाजी करने के लिए रविंद्र जडेजा आए तब मैदान पर अनोखा वाक्या हुआ।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज आग बरसा रहे थे और रवींद्र जडेजा बस क्रीज पर आए ही थे। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर रविंद्र जडेजा टिम साउदी की गेंद पर पूरी तरह से गच्चा खा गए और LBW आउट हो गए। टिम साउदी की अंदर आती गेंद को जडेजा पढ़ नहीं सके थे। जडेजा साफ आउट थे लेकिन फिर भी उन्होंने रिव्यू लेने का फैसला किया
जडेजा अपने पार्टनर अय्यर के पास गए उनसे हल्की सी बातचीत की और रिव्यू ले लिया। रिप्ले देखने पर पता चला कि जडेजा साफ आउट हैं। इस तरह जडेजा खुद तो आउट हुए लेकिन टीम इंडिया का एक रिव्यू भी गंवा दिया। वहीं अगर मैच की बात करें तो आज का दिन भारत ने 14 रन पर एक विकेट से आगे शुरू किया था।
टीम इंडिया की शुरुआत बेहद ही खराब रही और पहले सत्र में 51 रनों पर भारत ने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर ने कुछ हद तक भारतीय पारी संभालने का काम किया है। खबर लिखे जाने तक भारत की लीड 130 रनों के पार पहुंच गई है। टिम साउदी और काइल जैमिसन के खाते में 2-2 विकेट आए।