भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने संन्यास की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। बीसीसीआई के एक इंटरव्यू उन्होंने इन अटकलों को महज़ "शोर-शराबा" बताया और कहा कि "इससे कोई खास फ़र्क नहीं पड़ता"। बता दें कि रविवार (19 जुलाई) को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में 110 गेंदों में 138 रन की पारी खेली था, लेकिन टीम हार गई।
रोहित के संभावित संन्यास की चर्चा गुरुवार को कार्डिफ़ में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच के बीच में शुरू हुई, जिसमें उन्होंने 47 गेंदों पर 26 रन बनाए थे। एजबेस्टन में हुए पहले वनडे में रोहित ने 21 गेंदों पर 11 रन बनाए थे। खबरें आई थी कि सिलेक्टर्स ने रोहित से कहा था कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वे आगे युवा ओपनर्स को मौके देंगे।
लेकिन बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने इन चर्चाओं को तुरंत खारिज करते हुए न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, "मैं पूरे यकीन के साथ कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे।"
लॉर्ड्स वनडे के बाद बीसीसीआई की वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में रोहित ने कहा, “देखिए, मेरा काम बल्ले से खेलना है। आकर खेलना, अपने देश और टीम का प्रतिनिधित्व करना। जब से मैंने डेब्यू किया है, मुझे यही करने के लिए कहा गया है। इसलिए मैं यही करने जा रहा हूं। आपको पता है, जब मैंने डेब्यू किया था, तभी से ये शोर-शराबा चल रहा है। और जब तक मैं यहाँ हूं, यह हमेशा रहेगा। इसलिए इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता।”
आगे कहा, “मेरे लिए सबसे जरूरी बात यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं, टीम की कामयाबी में योगदान देने की कोशिश करना। अभी मेरा पूरा ध्यान इसी पर है। और शोर-शराबे को होने दें। आप जानते हैं, अगर शोर न हो तो मजा नहीं आता। मेरा काम मैदान के अंदर है, और उनका काम बाहर है। तो मैं इसे इसी नज़रिए से देखता हूं।"
बता दें कि इस मुकाबले में रोहित ने विराट कोहली के सथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 86 गेंदों 113 रन की साझेदारी की। दोनों का साथ में यह 400वां इंटरनेशनल मुकाबला था।
Also Read: LIVE Cricket Score
रोहित ने कहा, "हमने अपना पूरा करियर साथ में खेला है। इसलिए, मैदान पर उनका साथ होना अच्छा लगता है। हमारी कई साझेदारियां रही हैं। साथ में बल्लेबाजी करने में हमेशा मज़ा आता है। हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। और हां, मैदान पर एक-दूसरे से आइडिया शेयर करना और यह देखना कि हम क्या कर सकते हैं, हमेशा अच्छा लगता है। इसलिए, बल्लेबाजी के दौरान हमारे बीच काफी बातचीत हो रही थी।"