India vs Sri Lanka 1st Test: भारतीय स्पिनर मानव सुथार (Manav Suthar) ने श्रीलंका के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले टेस्ट मैच में अपनी शानदार गेंदबाजी से इतिहास रच दिया। अपना सिर्फ दूसरा टेस्ट खेल रहे सुथार ने दूसरी पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 रन देकर 6 विकेट लिए। इससे पहले उन्होंने 76 रन देकर 4 विकेट अपने खाते में डाले थे।
ऐसा करने वाले सातवें स्पिनर
सुथार सातवें भारतीय स्पिनर बन गए हैं, जिन्होंने विदेशी सरजमीं पर एक टेस्ट में 10 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन (2 बार), बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना, भगवत चंद्रशेखर, अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने यह कारनामा किया था।
ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय
भारत के लिए पहले दो टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा बार पारी में पांच विकेट लेने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में पारी मे पांच विकेट लिए थे। भारत के लिए पहले दो टेस्ट में नरेंद्र हिरवानी, अक्षर पटेल ने 3-3 बार, लक्ष्मण शिवरामकृष्णन और मोहम्मद निसार ने 2-2 बार पारी में पांच विकेट लिए थे।
खास लिस्ट में शामिल
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड नरेंद्र हिरवानी के नाम है, जिन्होंने डेब्यू टेस्ट में ही 16 विकेट चटकाए थे। उनके बाद लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, अक्षर पटेल और मानव सुथार ने 2-2 मैचों में यह कारनामा किया है।
इसके अलावा वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में भारत के लिए एक मैच में 10 विकेट लेने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। अनिल कुंबले और हरभजन सिंह ने 2-2 बार, मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू, रविचंद्रन अश्विन, मानव सुथार ने 1-1 बार ऐसा किया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 165 रनों से हरा दिया और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।