India vs South Africa: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार (16 दिसंबर) को इसकी जानकारी दी। शमी टखने की चोट से झूझ रहे हैं, जिसके चलते वह साउथ अफ्रीका दौरे पर नहीं जा सके। बीसीसीआई ने साउथ अफ्रीका दौरे के लिए टीम के ऐलान के दौरान जानकारी दी थी कि शमी की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
टेस्ट सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को तीन वनडे मैच की सीरीज खेलनी है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने इस सीरीज ने नाम वापस ले लिया है। उनकी जगह सिलेक्टर्स ने बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप को टीम में शामिल किया है।
चाहर पारिवारिक कारणों के चलते भारतीय टीम के साथ साउथ अफ्रीका दौरे पर नहीं गए थे।
Also Read: Live Score
शमी का बाहर होना है भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने अब तक 64 टेस्ट में 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए हैं। 2021-22 में हुए पिछले दौरे पर शमी ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए थे। बोर्ड ने शमी के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है। टीम में तेज गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा का विकल्प है।
बीसीसीआई की प्रैस रिलीज में यह भी बताया गया है कि मिडल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर जोहान्सबर्ग में होने वाला वनडे सीरीज का सिर्फ पहला मैच ही खेलेंगे। इसके बाद वह टेस्ट सीरीज के लिए टेस्ट टीम के साथ जुड़ जाएंगे। बता दें कि टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम एक तीन दिवसीय इंट्रा-स्कावड मैच खेलेगी।