IPL 2021: आईपीएल 2021 शुरू होने में महज कुछ ही दिन शेष हैं ऐसे में हर टीम चाहेगी कि वह मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरे। इस बीच राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। टीम के भरोसेमंद गेंदबाज जोफ़्रा आर्चर की सर्जरी सफल रही है और अब उनके आईपीएल सीजन 14 में शिरकत करने की उम्मीद बढ़ी है।
बीबीसी के हवाले से इंग्लैंड टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट एशले जाइल्स ने इस खबर की पुष्टि की है कि जोफ्रा आर्चर की सर्जरी सफल रही है और इस सप्ताह उनके आईपीएल की भागीदारी तय की जाएगी। जोफ्रा आर्चर अगर फिट होते हैं तो इस बात की उम्मीद की जा सकती है कि वह आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों के बाद टीम के साथ जुड़ जाएं।
फिलहाल इस बारे में कहना जल्दी होगा कि वह आईपीएल खेलेंगे या नहीं लेकिन फिर भी राजस्थान रॉयल्स उम्मीद करेगी कि वह जल्द से जल्द फिट होकर टीम के साथ जुड़ जाएं। बता दें कि जोफ्रा आर्चर भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी चोट के चलते बाहर हो गए थे।
दाहिनी कोहनी में चोट के कारण जोफ्रा आर्चर आईपीएल के शुरुआती मुकाबले और भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए थे। भारत के खिलाफ खेले गए चौथे टी-20 मुकाबले के दौरान जोफ्रा आर्चर चोटिल हुए थे। हालांकि पांचवे टी-20 मुकाबले में वह खेलते हुए नजर आए थे लेकिन मैदान पर उतरने के लिए उन्होंने तीन इंजेक्शन और पेन किलर का सहारा लिया था।